मिर्ज़ापुर
मुख्यमंत्री को जनसमस्याओं का मांगपत्र सौंपेगी करणी सेना
8 जुलाई को मुलाकात की तैयारी
बैठक में चार समितियों का गठन, जलभराव, जर्जर सड़कें और स्वास्थ्य विभाग में भ्रष्टाचार की जांच समेत प्रमुख मांगें उठेंगी
मीरजापुर। श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना की जनपद स्तरीय बैठक जिला अध्यक्ष दिलीप सिंह गहरवार की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि 8 जुलाई को प्रस्तावित मुख्यमंत्री के मिर्जापुर आगमन के दौरान करणी सेना के पदाधिकारी उनसे मुलाकात कर जनपद की विभिन्न जनसमस्याओं से संबंधित मांगपत्र सौंपेंगे।
बैठक में तय किया गया कि मांगपत्र में प्रमुख रूप से वाराणसी-औराई लिंक मार्ग स्थित नटवा पुलिस चौकी के सामने ओवरब्रिज के नीचे होने वाले जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान, शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों की जर्जर और खुदी हुई सड़कों को शीघ्र गड्ढामुक्त कर सुचारु आवागमन बहाल कराने तथा स्वास्थ्य विभाग में कथित भ्रष्टाचार और पूर्व मुख्य चिकित्सा अधिकारी पर लगाए गए वित्तीय अनियमितताओं के आरोपों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग शामिल होगी।
करणी सेना ने मुख्यमंत्री से मुलाकात के लिए चार समितियों का गठन भी किया है। पहली समिति की जिम्मेदारी पूर्वांचल सचिव अभिषेक सिंह धवल, दूसरी की जिला अध्यक्ष दिलीप सिंह गहरवार, तीसरी की इंस्पेक्टर सिंह शिवम तथा चौथी की नगर अध्यक्ष युवराज सिंह एवं नगर उपाध्यक्ष पुष्कर सिंह को सौंपी गई है। बैठक में आयुष सिंह, विनीत सिंह, पुष्कर सिंह, अर्पित सिंह, शिवपाल सिंह, सचिन सिंह, अमित सिंह, काजू सिंह, आदर्श सिंह, धर्मजीत सिंह सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
