मिर्ज़ापुर
जीआरपी मिर्जापुर ने 105 गुम मोबाइल किए बरामद, 55 स्वामियों को लौटाए
रेलवे स्टेशन पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मिली सफलता, शेष मोबाइल भी जल्द किए जाएंगे सुपुर्द
मिर्जापुर। रेलवे स्टेशन, प्लेटफॉर्म और सर्कुलेटिंग एरिया में चोरी व गुमशुदगी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जीआरपी मिर्जापुर को बड़ी सफलता मिली है। थाना जीआरपी की क्यूआरटी टीम ने विभिन्न मामलों में गुम हुए 105 मोबाइल फोन बरामद किए, जिनमें से शनिवार को 55 मोबाइल उनके वास्तविक स्वामियों को सौंप दिए गए।
यह कार्रवाई पुलिस महानिदेशक रेलवे प्रकाश डी, पुलिस महानिरीक्षक रेलवे प्रयागराज एन. कोलांची, पुलिस अधीक्षक रेलवे प्रयागराज प्रशांत वर्मा तथा पुलिस उपाधीक्षक रेलवे अरुण कुमार पाठक के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। थाना प्रभारी राजेश कुमार वर्मा के नेतृत्व में क्यूआरटी टीम ने यह सफलता हासिल की।
पुलिस के अनुसार, अलग-अलग तिथियों में दर्ज मोबाइल गुमशुदगी के मामलों में बरामद किए गए मोबाइलों के स्वामियों को दूरभाष एवं विशेष वाहक के माध्यम से सूचना देकर थाना जीआरपी बुलाया गया। सूचना मिलने पर 55 लोग थाना पहुंचे, जहां उन्हें सामूहिक रूप से उनके मोबाइल फोन वापस सौंपे गए।
जीआरपी ने बताया कि शेष बरामद मोबाइलों के स्वामियों से भी लगातार संपर्क किया जा रहा है। उनके थाना पहुंचने पर नियमानुसार सत्यापन के बाद मोबाइल फोन उन्हें भी सुपुर्द किए जाएंगे।
