वाराणसी
पांडेयपुर चौराहे की बदलेगी सूरत, जाम से मिलेगी राहत; नगर आयुक्त ने किया निरीक्षण
वाराणसी। शहर के सबसे व्यस्त चौराहों में शामिल पांडेयपुर चौराहे को जल्द ही जाम की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) द्वारा चौराहे के पुनर्निर्माण और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने की तैयारी शुरू कर दी गई है। इसी क्रम में रविवार को नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने पांडेयपुर चौराहे का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने यातायात को सुगम बनाने के लिए चौराहे के समीप स्थित डिवाइडर को हटाने तथा ऑटो चालकों के कारण लगने वाले जाम को देखते हुए अलग से ऑटो स्टैंड चिह्नित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऑटो के लिए निर्धारित स्थान बनने से सड़क पर वाहनों का दबाव कम होगा और यातायात व्यवस्था अधिक सुचारु हो सकेगी।
सुंदरीकरण योजना को जल्द मिलेगी अंतिम रूप
नगर आयुक्त ने पांडेयपुर चौराहे के कायाकल्प और सुंदरीकरण को लेकर गंभीरता दिखाते हुए नगर निगम के मुख्य अभियंता सुरेश चंद्र को आर्किटेक्ट आफताब, लोक निर्माण विभाग और यातायात विभाग के अधिकारियों के साथ तत्काल समन्वय स्थापित कर योजना को अंतिम रूप देने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ तय समय सीमा में कार्ययोजना तैयार कर उसे धरातल पर तेजी से लागू करें, ताकि आम नागरिकों को जल्द राहत मिल सके।
निरीक्षण के दौरान पार्षद मदन मोहन दुबे, पार्षद अशोक कुमार मौर्य, नगर निगम के अधिशासी अभियंता एम.के. सिंह तथा पीडब्ल्यूडी के अभियंता सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
