Connect with us

वाराणसी

नीट पेपर लीक के विरोध में वाराणसी में सर्वधर्म प्रार्थना सभा, छात्रों के समर्थन में उतरी आम आदमी पार्टी

Published

on

Loading...
Loading...

वाराणसी। नीट सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित पेपर लीक और परीक्षा अनियमितताओं के विरोध में आम आदमी पार्टी (आप) वाराणसी दक्षिणी विधानसभा इकाई ने शनिवार को टाउन हॉल मैदान, मैदागिन स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा के समक्ष सर्वधर्म प्रार्थना सभा का आयोजन किया। कार्यक्रम के माध्यम से दिल्ली के जंतर-मंतर पर आंदोलनरत छात्रों के प्रति समर्थन व्यक्त किया गया।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि पिछले एक सप्ताह से देशभर के छात्र जंतर-मंतर पर निष्पक्ष, पारदर्शी और पेपर लीक मुक्त परीक्षा व्यवस्था की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। प्रदर्शनकारियों की मांग है कि प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार सामने आ रही अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा पूरे प्रकरण की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दें।

सभा के दौरान वक्ताओं ने कहा कि प्रसिद्ध शिक्षाविद एवं पर्यावरणविद् सोनम वांगचुक भी छात्रों के समर्थन में पिछले एक सप्ताह से भूख हड़ताल पर हैं। वहीं, आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद एवं उत्तर प्रदेश प्रभारी संजय सिंह ने भी जंतर-मंतर पहुंचकर आंदोलनरत छात्रों का समर्थन किया है।

इसी क्रम में वाराणसी में आयोजित सर्वधर्म प्रार्थना सभा में छात्रों के संघर्ष के प्रति एकजुटता व्यक्त करते हुए निष्पक्ष परीक्षा प्रणाली लागू करने की मांग उठाई गई।

इस अवसर पर घनश्याम पांडे, रेखा जायसवाल, अब्दुल्ला खान, सरोज शर्मा, विनोद जायसवाल, मोहम्मद आकिब खान, आर.के. उपाध्याय, निलेश कुमार सिंह, जितेंद्र कुमार, सौरभ यादव, विनोद कुशवाहा, ओम कुमार, नरेंद्र गुप्ता, अंकित सेठ, नियाज सहित आम आदमी पार्टी के अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Advertisement

Continue Reading
Advertisement
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page