मिर्ज़ापुर
गैपुरा चौराहे पर चौकी प्रभारी की कार को ट्रक ने मारी टक्कर, बाल-बाल बचे
तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से मारी टक्कर, नटवा तिराहे पर चालक समेत वाहन पकड़ा गया
मिर्जापुर। विंध्याचल थाना क्षेत्र के गैपुरा चौराहे पर रविवार सुबह करीब 5:15 बजे बड़ा सड़क हादसा हो गया। गैपुरा चौकी प्रभारी सुरेश चंद्र द्विवेदी अपनी निजी कार से मिर्जापुर की ओर जा रहे थे। कार में उनके साथ सिपाही विपिन कुमार भी मौजूद थे। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे आलू लदे ट्रक ने उनकी कार में जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक कार को कुछ दूरी तक घसीटता हुआ ले गया। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर मौके से फरार हो गया। हालांकि पुलिस और ट्रैफिक पुलिस की सक्रियता से भाग रहे ट्रक को नटवा तिराहे पर चालक समेत पकड़ लिया गया।
गनीमत रही कि इस भीषण दुर्घटना में चौकी प्रभारी सुरेश चंद्र द्विवेदी और सिपाही विपिन कुमार की जान बच गई। दोनों को मामूली चोटें आई हैं और वे पूरी तरह सुरक्षित हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। ट्रैफिक पुलिस के अनुसार ट्रक काफी तेज गति से भाग रहा था, जिसे कड़ी मशक्कत के बाद कब्जे में लिया गया।
चौकी प्रभारी सुरेश चंद्र द्विवेदी ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त कार महज सात माह पहले ही खरीदी गई थी। हादसे के बाद गैपुरा चौराहे पर कुछ समय तक अफरा-तफरी का माहौल रहा। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।
