गाजीपुर
गाजीपुर में 23 जुलाई तक विशेष KCC एवं फसल बीमा अभियान शुरू
जिलाधिकारी ने मानसून विलंब के चलते व्यापक अभियान के दिए निर्देश
166 बाढ़ प्रभावित ग्राम पंचायतों में शत-प्रतिशत KCC और फसल बीमा पर जोर
गाजीपुर। मानसूनी बारिश में देरी और संभावित सूखे की स्थिति को देखते हुए जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने 3 जुलाई से 23 जुलाई 2026 तक जनपद में विशेष किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) एवं फसल बीमा अभियान शुरू करने के निर्देश जारी किए हैं।
इस अभियान का संचालन कृषि, सहकारिता, उद्यान, पशुपालन, मत्स्य विभाग, सभी बैंकों, बीमा कंपनियों, जन सुविधा केंद्रों, ग्राम विकास, पंचायती राज एवं राजस्व विभाग के संयुक्त सहयोग से किया जाएगा।
166 गांवों में विशेष फोकस
जिलाधिकारी ने बताया कि बाढ़ से प्रभावित 166 ग्राम पंचायतों में विशेष मुनादी और ग्राम चौपालों का आयोजन किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक किसानों को KCC और प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना से जोड़ा जा सके।
अभियान की निगरानी व्यवस्था
- ग्राम पंचायत स्तर पर पंचायत सचिव/सहायक नोडल अधिकारी होंगे
- विकासखंड स्तर पर खंड विकास अधिकारी जिम्मेदार होंगे
- जनपद स्तर पर जिला कृषि अधिकारी नोडल अधिकारी नामित
- बैंकों के समन्वय का दायित्व अग्रणी बैंक प्रबंधक को
इसके अलावा पंचायत सहायक, लेखपाल, बैंक मित्र, जन सुविधा केंद्र संचालक एवं संबंधित विभागीय कर्मचारी किसानों को योजना से जोड़ने में सहयोग करेंगे।
किसानों के लिए बड़ी पहल
जिले में 5 लाख से अधिक किसानों की फार्मर रजिस्ट्री हो चुकी है, लेकिन केवल 1.74 लाख किसान ही KCC से जुड़े हैं। बीते वर्ष खरीफ और रबी मौसम में सीमित किसानों का ही फसल बीमा हो सका था।
हालांकि पूर्व अभियान के दौरान 6,102 किसानों को 4.15 करोड़ रुपये से अधिक की बीमा क्षतिपूर्ति प्राप्त हुई, जिससे योजना की उपयोगिता स्पष्ट हुई।
जिलाधिकारी की अपील
जिलाधिकारी ने किसानों से अपील की कि KCC के माध्यम से वे मात्र 4% ब्याज दर पर ऋण प्राप्त कर सकते हैं और 1.60 लाख रुपये तक के KCC पर किसी प्रकार की गिरवी की आवश्यकता नहीं होती। उन्होंने कहा कि KCC लेने से किसान स्वतः फसल बीमा योजना से जुड़ जाते हैं और प्राकृतिक आपदाओं से वित्तीय सुरक्षा प्राप्त करते हैं।
अभियान का उद्देश्य अधिकतम किसानों को योजनाओं से जोड़कर उन्हें आर्थिक सुरक्षा प्रदान करना है।
