गाजीपुर
वन महोत्सव-2026 के तहत गाजीपुर में ग्रीन चौपाल व पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित
पूर्व माध्यमिक विद्यालय अख्तियारपुर में 20 पौधों का रोपण, ग्रामीणों ने लिया पर्यावरण संरक्षण का संकल्प
छात्र-छात्राओं और ग्रामीणों की सहभागिता से पर्यावरण जागरूकता अभियान को मिला बल
गाजीपुर। वन महोत्सव-2026 के अंतर्गत विकास खंड सदर स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय, अख्तियारपुर में वन महोत्सव, ग्रीन चौपाल एवं आम भंडारा कार्यक्रम का उत्साहपूर्वक आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ ब्लॉक प्रमुख सदर राजदेव सिंह यादव द्वारा मौलश्री के पौधे का रोपण कर किया गया। इसके बाद परिसर में आम, आंवला, अमरूद, जामुन और नीम सहित विभिन्न प्रजातियों के कुल 20 पौधे लगाए गए।
पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
ब्लॉक प्रमुख ने कहा कि वृक्ष प्रकृति का अमूल्य उपहार हैं और पर्यावरण संतुलन व भावी पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए अधिक से अधिक पौधरोपण आवश्यक है। उन्होंने प्रत्येक नागरिक से कम से कम एक पौधा लगाने और उसकी देखभाल करने की अपील की।
ग्रीन चौपाल में दी गई जानकारी
कार्यक्रम के दौरान आयोजित ग्रीन चौपाल में वन विभाग के अधिकारियों ने पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता के महत्व तथा पौधों की उपयोगिता पर विस्तार से जानकारी दी। अधिकारियों ने पौधों के संरक्षण एवं पर्यावरण संतुलन में उनकी भूमिका पर प्रकाश डाला।

छात्र-छात्राओं ने भी पर्यावरण जागरूकता से संबंधित संदेश प्रस्तुत किए।
आम भंडारे का आयोजन
कार्यक्रम के समापन पर आम भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं और ग्रामीणों ने सहभागिता की।
उपस्थित प्रमुख लोग
कार्यक्रम में ग्राम प्रधान मुन्ना सिंह, क्षेत्रीय वन अधिकारी सदर आदित्य यादव, उप क्षेत्रीय वन अधिकारी उपेंद्र कुमार वर्मा सहित वन विभाग के अधिकारी, कर्मचारी, विद्यालय परिवार एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का उद्देश्य जनसामान्य में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना और अधिकाधिक पौधरोपण के लिए प्रेरित करना रहा।
