गाजीपुर
ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे निर्माण के लिए राज्यसभा सांसद को सौंपा ज्ञापन
महाराजगंज से सैयदराजा तक एक्सप्रेसवे की मांग, क्षेत्रीय विकास को बताया जरूरी
गाजीपुर। क्षेत्र के समग्र विकास को गति देने के उद्देश्य से महाराजगंज से सैयदराजा तक प्रस्तावित ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे के निर्माण की मांग को लेकर नागरिकों ने राज्यसभा सांसद डॉ. संगीता बलवंत को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान परियोजना को केंद्र सरकार के समक्ष प्रभावी ढंग से उठाकर शीघ्र स्वीकृति दिलाने की मांग की गई।
ज्ञापन में कहा गया है कि क्षेत्र में बढ़ते यातायात दबाव, लंबी यात्रा अवधि और परिवहन लागत के कारण आर्थिक, औद्योगिक एवं कृषि विकास प्रभावित हो रहा है। ऐसे में प्रस्तावित ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे को क्षेत्र के विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताया गया है।
ज्ञापन के अनुसार, इस एक्सप्रेसवे के निर्माण से क्षेत्र का राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय प्रमुख मार्गों से सीधा संपर्क स्थापित होगा। किसानों को अपनी उपज बड़े बाजारों तक समय पर पहुंचाने में सुविधा मिलेगी, जिससे उनकी आय में वृद्धि होने की संभावना है। साथ ही उद्योग, व्यापार और निवेश को बढ़ावा मिलेगा तथा स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
इसके अलावा सड़क दुर्घटनाओं और यातायात जाम में कमी आने के साथ पर्यटन एवं क्षेत्रीय विकास को भी नई गति मिलने की उम्मीद जताई गई है। क्षेत्रवासियों ने राज्यसभा सांसद से आग्रह किया कि वे इस बहुप्रतीक्षित परियोजना को केंद्र सरकार के समक्ष प्राथमिकता से उठाकर शीघ्र स्वीकृति दिलाने की दिशा में आवश्यक पहल करें, ताकि पूर्वांचल के विकास को नई दिशा मिल सके।
