गाजीपुर
अखिलेश यादव के जन्मदिन पर सपाइयों ने काटा केक, किया वृक्षारोपण
नंदगंज (गाजीपुर)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के जन्मदिन पर बुधवार को नंदगंज स्थित संकट मोचन हनुमान मंदिर परिसर में सपाइयों ने केक काटकर जन्मदिन मनाया। इस दौरान वृक्षारोपण किया गया और श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरित किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन विधानसभा सचिव अमन जायसवाल तथा सेक्टर प्रभारी पंकज यादव, विकास यादव, राजन यादव और राहुल के नेतृत्व में हुआ। शुरुआत संकट मोचन हनुमान की आरती से हुई, जिसके बाद कार्यकर्ताओं ने केक काटकर अखिलेश यादव के दीर्घायु एवं उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।
मुख्य अतिथि के रूप में गाजीपुर सदर विधायक जयकिशन साहू एवं युवा समाजवादी नेता सत्या यादव मौजूद रहे। दोनों नेताओं ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने का आह्वान किया और समाजवादी पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया।
इस अवसर पर राहुल, प्रभातचंद्र, हर्ष, शिवम, विशाल पुजारी, सुमित जायसवाल, विजय, अभिषेक बिंद सहित बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता एवं समर्थक उपस्थित रहे।
