भदोही
गोपीगंज पशु चिकित्सालय में चिकित्सक का अभाव, ‘पशु मित्र’ के भरोसे चल रहा इलाज
नियमित डॉक्टर की तैनाती की मांग, पशुपालकों ने दी आंदोलन की चेतावनी
गोपीगंज (भदोही), 29 जून।गोपीगंज नगर स्थित राजकीय पशु चिकित्सालय में लंबे समय से नियमित पशु चिकित्सक की तैनाती न होने से पशुपालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि अस्पताल का संचालन केवल ‘पशु मित्र’ के भरोसे हो रहा है, जबकि चिकित्सक लंबे समय से अनुपस्थित हैं।
पशुपालकों का कहना है कि अस्पताल के खुलने और बंद होने का भी कोई निर्धारित समय नहीं है। बीमार पशुओं को लेकर आने वाले लोगों को अक्सर बिना उपचार के लौटना पड़ता है। समय पर इलाज न मिलने से पशुओं की स्थिति और गंभीर हो जाती है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सरकार पशुपालन को बढ़ावा देने और पशुओं के बेहतर उपचार के दावे करती है, लेकिन गोपीगंज का राजकीय पशु चिकित्सालय इन दावों पर सवाल खड़ा कर रहा है। उनका कहना है कि अस्पताल में नियमित पशु चिकित्सक की तैनाती और समयबद्ध संचालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि पशुपालकों को राहत मिल सके।
नगर के प्रकाश सिंह, पंकज पाण्डेय, मुलायम यादव, प्रदीप मौर्या सहित अन्य नागरिकों ने विभागीय अधिकारियों से तत्काल नियमित पशु चिकित्सक की नियुक्ति और अस्पताल की व्यवस्थाओं में सुधार की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे जनआंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।
