भदोही
शिवनगर कॉलोनी में दिनदहाड़े लाखों की चोरी, पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
जेवर, दो लाख की नकदी और बाथरूम-किचन की टोटियां तक ले गए चोर, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
गोपीगंज (भदोही)।गोपीगंज नगर के वार्ड संख्या-3 स्थित शिवनगर कॉलोनी के बड़े शिवमार्ग पर एक सूने मकान में दिनदहाड़े लाखों रुपये की चोरी का मामला सामने आया है। चोर घर से सोने-चांदी के जेवर, दो लाख रुपये नकद और अन्य सामान के साथ बाथरूम एवं किचन में लगी 24 टोटियां तक खोलकर ले गए। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित विजय कुमार गुप्ता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह 21 जून को घर में ताला बंद कर वाराणसी गए थे। रविवार को उनके साले कृष्णगोपाल ने फोन कर सूचना दी कि घर के मुख्य गेट का ताला टूटा हुआ है और दरवाजा खुला पड़ा है। सूचना मिलने पर वह अपने पुत्र के साथ घर पहुंचे तो देखा कि सभी कमरों के ताले टूटे थे और सामान बिखरा पड़ा था।
पीड़ित के अनुसार, बेडरूम में रखी लोहे की अलमारी का लॉकर तोड़कर चोर पत्नी माधुरी गुप्ता और बहू अंजली गुप्ता के दो सोने के हार, दो चेन, दो कड़े, दो मांगटीका, दो अंगूठियां, दो जोड़ी पायल, दो करधनी सहित अन्य कीमती आभूषण चोरी कर ले गए। इसके अलावा सोलर पैनल लगवाने के लिए रखे दो लाख रुपये नकद भी गायब मिले।
गोपीगंज पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। चोरी के खुलासे के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच कर जल्द ही आरोपियों का पता लगाया जाएगा।
