Connect with us

बलिया

नगवां की बेटी कृतिका पाठक बनीं साइंटिस्ट ऑफिसर

Published

on

Loading...
Loading...

बीएआरसी हैदराबाद में ग्रुप-ए (रिसर्चर) पद पर चयन, बलिया का बढ़ाया मान

गेट-2026 में हासिल की 148वीं रैंक, युवाओं के लिए बनीं प्रेरणा

बलिया। जनपद के दुबहर क्षेत्र अंतर्गत नगवां गांव की बेटी कृतिका पाठक ने वैज्ञानिक क्षेत्र में उल्लेखनीय सफलता हासिल कर जिले का नाम रोशन किया है। उनका चयन भाभा परमाणु अनुसंधान केंद्र (बीएआरसी), हैदराबाद में साइंटिस्ट ऑफिसर ग्रुप-ए (रिसर्चर) के पद पर हुआ है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार, गांव और पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।

कृतिका ने ग्रेजुएट एप्टीट्यूड टेस्ट इन इंजीनियरिंग (गेट)-2026 में भू-विज्ञान एवं भौतिक विज्ञान विषय से अखिल भारतीय स्तर पर 148वीं रैंक प्राप्त की थी। 23 जून को परिणाम घोषित होने के बाद उनके चयन का मार्ग प्रशस्त हुआ और अब उन्हें देश के प्रतिष्ठित वैज्ञानिक संस्थान बीएआरसी में शोध कार्य करने का अवसर मिला है।

कृतिका की प्रारंभिक शिक्षा केंद्रीय विद्यालय, बलिया से हुई। उन्होंने वर्ष 2016 में हाईस्कूल तथा उसके बाद इंटरमीडिएट की शिक्षा पूरी की। उच्च शिक्षा के लिए मुंबई जाकर उन्होंने सेंट जेवियर्स कॉलेज से स्नातक और परास्नातक (एमएससी) की पढ़ाई पूरी की।

Advertisement

शिक्षा के दौरान ही उन्होंने वैज्ञानिक अनुसंधान के क्षेत्र में करियर बनाने का लक्ष्य निर्धारित कर लिया था। निरंतर मेहनत, लगन और समर्पण के बल पर उन्होंने यह महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की।

परिवार और क्षेत्र में खुशी की लहर

कृतिका के पिता अजय पाठक ने बेटी की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे परिवार के लिए गर्व का क्षण बताया। इस अवसर पर उनके बड़े पिता प्रेमजी पाठक, शत्रुघ्न पाठक, माता मीना पाठक, दादी शीला देवी सहित पूरे परिवार ने खुशी जताई और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

ग्रामीणों और शुभचिंतकों ने कृतिका को बधाई देते हुए कहा कि उनकी सफलता क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। उनका चयन यह साबित करता है कि ग्रामीण पृष्ठभूमि से आने वाले छात्र-छात्राएं भी कठिन परिश्रम और दृढ़ संकल्प के बल पर राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धियां हासिल कर सकते हैं।

बीएआरसी जैसे प्रतिष्ठित संस्थान में चयन होने से नगवां गांव सहित पूरे बलिया जिले में गौरव और उत्साह का माहौल है।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page