Connect with us

मिर्ज़ापुर

सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक संपन्न

Published

on

Loading...
Loading...

ब्लैक स्पॉट्स चिन्हित कर त्वरित सुधार कार्य कराने के निर्देश

यातायात नियमों के पालन और जनजागरूकता अभियान पर जिलाधिकारी का विशेष जोर

मीरजापुर। जनपद में सड़क सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार की अध्यक्षता तथा पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक की उपस्थिति में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई।

बैठक में जिलाधिकारी ने सड़क दुर्घटनाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को दुर्घटना संभावित स्थलों (ब्लैक स्पॉट्स) की पहचान कर वहां आवश्यक सुधारात्मक कार्य शीघ्र कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की ही नहीं, बल्कि समाज की भी सामूहिक जिम्मेदारी है।

विद्यालयों और सार्वजनिक स्थलों पर चलाया जाएगा जागरूकता अभियान

जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि यातायात नियमों के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए व्यापक अभियान चलाया जाए। इसके तहत विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं सार्वजनिक स्थलों पर विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएं, ताकि आमजन में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाई जा सके।

Advertisement

उन्होंने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। साथ ही हेलमेट और सीट बेल्ट के अनिवार्य प्रयोग, ओवरलोडिंग पर नियंत्रण तथा नशे की हालत में वाहन चलाने वालों पर कड़ी निगरानी रखने पर जोर दिया।

विभिन्न विभागों ने प्रस्तुत की सड़क सुरक्षा से जुड़ी रिपोर्ट

बैठक में परिवहन विभाग, लोक निर्माण विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों ने सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर प्रस्तुतीकरण दिया। इस दौरान दुर्घटनाओं की रोकथाम, त्वरित चिकित्सा सहायता, यातायात प्रबंधन तथा सड़क संकेतकों की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई।

जिलाधिकारी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय स्थापित कर सड़क सुरक्षा संबंधी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने तथा आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए प्रत्येक विभाग को अपनी जिम्मेदारी गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ निभानी होगी।

बैठक में रहे उपस्थित

बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक नगर नितेश सिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. कीर्ति कुमार मिश्र, अपर उप जिलाधिकारी गुलाब चंद्र, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनिल वर्मा, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Advertisement

Continue Reading
Advertisement
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page