गाजीपुर
ग्राम चौपाल में जिलाधिकारी ने सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं
पिरथीपुर में आयोजित चौपाल में योजनाओं के शत-प्रतिशत लाभ दिलाने के दिए निर्देश
गर्भवती महिलाओं की गोदभराई और बच्चों का कराया गया अन्नप्राशन
गाजीपुर। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता एवं मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद की उपस्थिति में विकास खंड बिरनो के ग्राम पंचायत पिरथीपुर (अराजी ओड़ासन) स्थित प्राथमिक विद्यालय में ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया। चौपाल में विभिन्न विभागों के अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाना, ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित निस्तारण करना तथा विकास कार्यों की समीक्षा करना रहा।

ग्रामीणों ने रखीं बिजली, स्वास्थ्य और सड़क से जुड़ी समस्याएं
ग्राम चौपाल के दौरान जिलाधिकारी ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। ग्रामीणों ने विद्युत आपूर्ति, पेयजल, स्वास्थ्य सेवाएं, शिक्षा, सड़क मरम्मत, राशन वितरण, प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री आवास योजना, राजस्व मामलों, पेंशन तथा अन्य जनसमस्याओं से संबंधित मुद्दे उठाए।

जिलाधिकारी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि कैंप के माध्यम से प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
योजनाओं से पात्र लाभार्थियों को जोड़ने पर जोर
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि वृद्धावस्था पेंशन, निराश्रित महिला पेंशन, बाल सेवा योजना, श्रम पंजीकरण, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, फार्मर रजिस्ट्री, शौचालय, प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री आवास योजना, आयुष्मान कार्ड, राशन कार्ड तथा कन्या सुमंगला योजना सहित अन्य कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक अभियान चलाकर पहुंचाया जाए।
उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक पात्र व्यक्ति को पारदर्शिता और सुगमता के साथ योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाना आवश्यक है।

प्रधानमंत्री आवास प्लस सर्वे-2024 की सूची पढ़कर सुनाई गई
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री आवास प्लस सर्वे-2024 की सूची ग्रामीणों के समक्ष पढ़कर सुनाई गई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को गांव स्तर पर नियमित भ्रमण कर जनता की समस्याओं का समाधान करने तथा विकास कार्यों की निरंतर निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे शासन द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी प्राप्त करें और उनका लाभ उठाते हुए गांव के विकास में सक्रिय सहभागिता निभाएं।
बड़ी संख्या में अधिकारी और ग्रामीण रहे उपस्थित
चौपाल के दौरान जिलाधिकारी ने गर्भवती महिलाओं की गोदभराई तथा बच्चों का अन्नप्राशन भी कराया। कार्यक्रम का संचालन जिला विकास अधिकारी राजन राय ने किया।
इस अवसर पर उप जिलाधिकारी सदर रविश गुप्ता, परियोजना निदेशक महेंद्र प्रताप यादव, जिला विकास अधिकारी राजन राय, जिला पंचायत राज अधिकारी रमेश चंद्र उपाध्याय, तहसीलदार, खंड विकास अधिकारी, विभिन्न विभागों के जनपद स्तरीय अधिकारी, ग्राम प्रधान, शिक्षकगण तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
