सोनभद्र
स्थायी पात्रता सूची निर्माण को लेकर मूरता ग्राम पंचायत में खुली बैठक आयोजित
400 से अधिक ग्रामीणों ने लिया भाग, आवास पात्रता सूची पर हुई चर्चा
दुद्धी (सोनभद्र)। जिलाधिकारी के निर्देशानुसार विकासखंड दुद्धी की ग्राम पंचायत मूरता स्थित पंचायत भवन में स्थायी पात्रता सूची निर्माण के संबंध में खुली बैठक आयोजित की गई। बैठक में 400 से अधिक ग्रामीणों ने भाग लेकर अपनी समस्याएं और सुझाव प्रस्तुत किए।
पात्रता सूची का किया गया वाचन
बैठक के दौरान ग्राम विकास अधिकारी अनीश कुमार सिंह ने वर्ष 2024 की पात्रता सूची ग्रामीणों को पढ़कर सुनाई। उन्होंने सूची में शामिल प्रत्येक लाभार्थी पर चर्चा करते हुए ग्रामीणों की आपत्तियां और सुझाव सुने तथा आवश्यक जानकारी दर्ज की।
आपदा से बचाव को लेकर किया जागरूक
ग्राम विकास अधिकारी ने ग्रामीणों को गांव के आसपास स्थित तालाबों, नदियों एवं छठ घाटों पर गहरे पानी वाले स्थानों पर चेतावनी सूचना बोर्ड लगाने की आवश्यकता के बारे में जानकारी दी। साथ ही दैवीय आपदाओं से बचाव के लिए शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों से अवगत कराते हुए उनका पालन करने की अपील की।
आवास योजना के पात्रों पर हुई चर्चा
खुली बैठक में आवास योजना से संबंधित पात्रता सूची तैयार करने के लिए ग्रामीणों से सुझाव प्राप्त किए गए। ग्रामीणों ने पात्र एवं अपात्र लाभार्थियों को लेकर अपने विचार रखे, जिन पर विस्तार से चर्चा की गई।
जनप्रतिनिधि और ग्रामीण रहे मौजूद
बैठक में ग्राम प्रधान/प्रशासक शिवकुमार यादव, पूर्व प्रधान रामसेवक यादव, पंचायत सहायक भुनेश्वर, क्षेत्र पंचायत सदस्य रामप्रसाद सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। अधिकारियों ने बताया कि पात्रता सूची को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने के लिए ग्रामीणों की सहभागिता सुनिश्चित की जा रही है।
