Connect with us

भदोही

अवैध खनन और ओवरलोडिंग पर प्रशासन का शिकंजा, 45 वाहनों पर बड़ी कार्रवाई

Published

on

Loading...
Loading...

15 दिनों के विशेष अभियान में 4 जेसीबी, 28 ट्रैक्टर-ट्रॉली समेत कई वाहन पकड़े गए

भदोही। जिलाधिकारी शैलेष कुमार के निर्देश पर जनपद में अवैध खनन, अवैध परिवहन एवं ओवरलोडिंग के विरुद्ध विशेष प्रवर्तन अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 1 जून से 15 जून 2026 तक अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) शुभांगी शुक्ला के पर्यवेक्षण में खनन विभाग और परिवहन विभाग की संयुक्त टीम ने व्यापक जांच एवं कार्रवाई की।

संयुक्त टीम ने चलाया सघन चेकिंग अभियान

अभियान के दौरान जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में सघन निरीक्षण एवं चेकिंग की गई। जांच में अवैध खनन, बिना अनुमति खनिज परिवहन तथा ओवरलोडिंग के मामलों में कुल 45 वाहनों को पकड़ा गया।

कार्रवाई के दौरान बिना वैध अनुमति के मिट्टी खनन एवं परिवहन में संलिप्त 4 जेसीबी मशीनें, 3 ट्रैक्टर स्क्रैपर सहित तथा 25 ट्रैक्टर-ट्रॉलियां पकड़ी गईं। इसके अलावा ओवरलोडिंग करते पाए गए 13 वाहनों के विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई की गई।

Advertisement

लगभग 20 लाख रुपये जुर्माना वसूली की प्रक्रिया शुरू

पकड़े गए सभी वाहनों को आवश्यक विधिक कार्रवाई के लिए जनपद के विभिन्न थानों और पुलिस चौकियों में निरुद्ध कराया गया है। विभागीय आकलन के अनुसार इन मामलों में लगभग 20 लाख रुपये की जुर्माना धनराशि वसूल किए जाने की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है।

अवैध गतिविधियों पर जारी रहेगा सख्त अभियान

अपर जिलाधिकारी शुभांगी शुक्ला ने स्पष्ट किया कि जनपद में अवैध खनन, अवैध परिवहन और ओवरलोडिंग जैसी गतिविधियों को किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण, राजस्व सुरक्षा तथा सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ऐसे मामलों में कठोर कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।

नियमों का पालन करने की अपील

Advertisement

जनपद प्रशासन ने खनन पट्टाधारकों, वाहन स्वामियों तथा संबंधित व्यक्तियों से निर्धारित नियमों एवं शर्तों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करने की अपील की है। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध भविष्य में भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page