Uncategorized
भदोही में ‘विकसित भारत प्रदर्शनी’ का भव्य शुभारंभ
केंद्र सरकार के 12 वर्ष एवं प्रदेश सरकार के 9 वर्ष की उपलब्धियों को किया गया प्रदर्शित
20 जून तक चलेगी प्रदर्शनी, विभागीय स्टॉल और लोक कलाकारों की प्रस्तुतियां बनीं आकर्षण का केंद्र
भदोही। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार के 9 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जनपद भदोही में ‘विकसित भारत प्रदर्शनी’ का भव्य शुभारंभ किया गया। विभूति नारायण राजकीय इंटर कॉलेज, ज्ञानपुर के मैदान में जिला प्रशासन एवं सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा आयोजित प्रदर्शनी का उद्घाटन जिला पंचायत अध्यक्ष अनिरुद्ध त्रिपाठी, भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक मिश्रा, जिलाधिकारी शैलेष कुमार एवं मुख्य विकास अधिकारी बाल गोविंद शुक्ल ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।
उद्घाटन के बाद अतिथियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर केंद्र एवं प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों से संबंधित प्रदर्शित सामग्री का निरीक्षण किया। इस दौरान उपस्थित लोगों को सरकार की विकास यात्रा एवं विकसित भारत के संकल्प से अवगत कराया गया।
विभागीय स्टॉलों पर योजनाओं की दी गई जानकारी
प्रदर्शनी में कृषि, स्वास्थ्य, महिला कल्याण, उद्यान, बाल विकास परियोजना, खादी एवं ग्रामोद्योग, पंचायती राज, समाज कल्याण, जिला प्रोबेशन कार्यालय, कौशल विकास मिशन, आईटीआई, उद्योग विभाग तथा राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) सहित विभिन्न विभागों के आकर्षक स्टॉल लगाए गए।
स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा निर्मित उत्पाद भी प्रदर्शित किए गए, जिन्हें आगंतुकों ने सराहा। योजनाओं से संबंधित पुस्तिकाएं, प्रचार सामग्री, मॉडल और डिजिटल डिस्प्ले के माध्यम से आमजन को जानकारी उपलब्ध कराई गई।
पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर जोर
जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का अधिकतम लाभ पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा तभी पूरी होगी जब समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचे और उसे विकास की मुख्यधारा से जोड़ा जा सके।
उन्होंने जनपदवासियों से 21 जून को आयोजित अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम में अधिक से अधिक सहभागिता करने की अपील भी की।
केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं का प्रदर्शन
प्रदर्शनी में प्रधानमंत्री जनधन योजना, आयुष्मान भारत योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, पीएम स्वनिधि योजना, पीएम सूर्यघर योजना, जल जीवन मिशन, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान तथा पीएम विश्वकर्मा योजना सहित अनेक योजनाओं की जानकारी चित्रों और फोटोग्राफ के माध्यम से प्रदर्शित की गई।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना, मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना सहायता योजना, वृद्धावस्था, दिव्यांग एवं निराश्रित महिला पेंशन योजनाओं की उपलब्धियों को भी प्रदर्शनी में स्थान दिया गया।
लाभार्थियों को वितरित किया गया पुष्टाहार और टूल किट
कार्यक्रम के दौरान बाल विकास विभाग द्वारा लाभार्थियों को नवीन रेसिपी आधारित पुष्टाहार वितरित किया गया। वहीं उद्योग विभाग की ओर से लाभार्थियों को टूल किट भी प्रदान की गई।
मुख्य विकास अधिकारी बाल गोविंद शुक्ल ने कहा कि सभी अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचे, जिससे अधिक से अधिक लोग आत्मनिर्भर, सशक्त और समृद्ध बन सकें।
लोक कलाकारों ने प्रस्तुत किए सांस्कृतिक कार्यक्रम
प्रदर्शनी के दौरान स्थानीय लोक कलाकारों और लोक गायकों ने गीत-संगीत के माध्यम से केंद्र एवं प्रदेश सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों का प्रचार-प्रसार किया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को उत्सवमय वातावरण प्रदान किया।
20 जून तक आमजन के लिए खुली रहेगी प्रदर्शनी
चार दिवसीय ‘विकसित भारत प्रदर्शनी’ 20 जून 2026 तक आमजन के अवलोकन के लिए खुली रहेगी। प्रदर्शनी के माध्यम से केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों, विकसित भारत के संकल्प और प्रदेश सरकार के विकास कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी बाल गोविंद शुक्ल, जिला परियोजना अधिकारी आदित्य कुमार, जिला प्रोबेशन अधिकारी शत्रुघ्न कन्नौजिया, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शिवम पांडेय, जिला विद्यालय निरीक्षक अंशुमान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
