आजमगढ़
मोहब्बतपुर में लगी रात्रि जन चौपाल, प्रभारी मंत्री ने गिनाईं केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियां
आजमगढ़। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर चलाए जा रहे “12 साल विश्वास के, विकास के और जनकल्याण के” अभियान के तहत शनिवार रात विकासखंड सठियांव की ग्राम पंचायत मोहब्बतपुर में रात्रि जन चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश के श्रम एवं सेवायोजन मंत्री एवं जनपद प्रभारी मंत्री अनिल राजभर ने की।
जन चौपाल में प्रभारी मंत्री, जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रदर्शनी लगाई गई और लाभार्थियों को योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई।
प्रभारी मंत्री अनिल राजभर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने बीते 12 वर्षों में गांव, गरीब, किसान, महिला और युवाओं के उत्थान के लिए अनेक ऐतिहासिक कार्य किए हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, किसान सम्मान निधि, उज्ज्वला योजना, स्वच्छ भारत मिशन और जल जीवन मिशन जैसी योजनाओं की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए पात्र लोगों से उनका लाभ उठाने की अपील की।
जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने ग्रामीणों से शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, विद्युत आपूर्ति और भूमि विवाद से जुड़े मुद्दों पर संवाद किया। उन्होंने कहा कि प्रशासन गांव-गांव तक पहुंचकर लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है। साथ ही ग्राम पंचायत में बारात घर और डिजिटल लाइब्रेरी निर्माण की दिशा में कार्यवाही का आश्वासन दिया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने कानून व्यवस्था, साइबर सुरक्षा और नशामुक्त समाज के प्रति लोगों को जागरूक किया। उन्होंने अभिभावकों से युवाओं को शिक्षा और सकारात्मक गतिविधियों की ओर प्रेरित करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य शिविर, गोद भराई, अन्नप्राशन, पोषण पोटली वितरण तथा विभिन्न विभागों की योजनाओं से संबंधित गतिविधियां भी आयोजित की गईं। बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं, जिनके समाधान के लिए संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए।
रात्रि जन चौपाल में जनप्रतिनिधियों, जिला स्तरीय अधिकारियों, विभागीय कर्मचारियों तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणों की सहभागिता रही।
