गोरखपुर
युवक से मारपीट और धमकी देने के आरोप में मुकदमा दर्ज
पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने शुरू की जांच
हरपुर-बुदहट। सहजनवा थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत रामपुर गरथौली टोला लरबरी निवासी एक युवक के साथ कथित मारपीट और जान-माल की धमकी देने के मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम लरबरी निवासी गगन पुत्र राम सकल ने थाना पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि 31 मई 2026 को दोपहर करीब दो बजे गांव के ही जवाहिर पुत्र राम किशुन ने बिना किसी कारण गाली-गलौज करते हुए उसके साथ लात-घूंसों और लाठी-डंडों से मारपीट की। आरोप है कि घटना के दौरान उसे जान-माल की धमकी भी दी गई।
मारपीट में घायल होने पर सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़ित को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया।
पीड़ित की तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी जवाहिर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 115(2), 352 एवं 351(3) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।
थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार पाठक ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच-पड़ताल की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
