Uncategorized
स्वास्थ्य शिविर में किया गया जागरूक
पिंडरा।बेलवा स्थित नट बस्ती में मंगलवार को नट समुदाय संघर्ष समिति एवं उड़ान के संयुक्त तत्वावधान में एक स्वास्थ्य जागरूकता एवं स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य समुदाय के लोगों को स्वास्थ्य संबंधी जानकारी प्रदान करना तथा नियमित स्वास्थ्य जांच के प्रति जागरूक करना था।स्वास्थ्य शिविर में समुदाय के लोगों को महिलाओं की मासिक धर्म स्वच्छता (महावारी स्वास्थ्य), मानसिक स्वास्थ्य, शारीरिक स्वास्थ्य, संतुलित आहार एवं स्वच्छ जीवनशैली के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।शिविर के दौरान समुदाय के लोगों का ब्लड प्रेशर (बीपी) एवं ब्लड शुगर परीक्षण किया गया। लगभग 70 लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई, जिसमें महिलाओं, पुरुषों एवं बुजुर्गों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। स्वास्थ्य जांच के उपरांत एएनएम पूजा द्वारा लोगों को उनके स्वास्थ्य की स्थिति के बारे में जानकारी दी गई तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए आवश्यक सुझाव दिए गए।शिविर के दौरान महिलाओं एवं किशोरियों के लिए आयरन एवं कैल्शियम की गोलियों का वितरण किया गया।कार्यक्रम में नट समुदाय संघर्ष समिति के अध्यक्ष प्रेम नट, कार्यकर्ता रिया एवं नंदिनी, तथा उड़ान संस्था के कार्यकर्ता सौरभ एवं नेहा उपस्थित रहे।
