वाराणसी
पांचवीं स्वर्गीय रामाज्ञा सिंह स्मृति जिला कैरम लीग का शुभारंभ
युगल लीग मुकाबलों से हुई शुरुआत
उद्घाटन मैच में अश्विनी चक्रवाल और शिवदयाल यादव की अनुभवी जोड़ी ने निशान्त सिंह और दिब्याशं सिंह की युवा जोड़ी को हराकर पूरे अंक हासिल किए
उत्तर प्रदेश कैरम एसोसिएशन के अध्यक्ष बैजनाथ सिंह ने किया 10 दिवसीय प्रतियोगिता का औपचारिक उद्घाटन
वाराणसी। वाराणसी जिला कैरम एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित पांचवीं स्वर्गीय रामाज्ञा सिंह स्मृति जिला कैरम लीग प्रतियोगिता का शुभारंभ रविवार को इंग्लिशिया लाइन स्थित श्रीमती चन्द्रा त्रिपाठी स्मृति क्रीड़ा कक्ष में हुआ।
प्रतियोगिता के पहले चरण में पुरुष वर्ग की युगल स्पर्धा के मुकाबलों के साथ खेलों की शुरुआत की गई। उद्घाटन मैच में अश्विनी चक्रवाल और शिवदयाल यादव की अनुभवी जोड़ी ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए युवा खिलाड़ियों निशान्त सिंह और दिब्याशं सिंह की जोड़ी को पराजित कर पूरे अंक अपने नाम किए। समाचार लिखे जाने तक अन्य मुकाबले जारी थे।
लीग कम नॉकआउट आधार पर आयोजित इस प्रतियोगिता में पुरुष वर्ग के युगल मुकाबलों के बाद महिला वर्ग के युगल मुकाबले खेले जाएंगे। इसके पश्चात पुरुष एकल वर्ग की लीग स्पर्धाएं प्रारंभ होंगी। 10 दिवसीय प्रतियोगिता का समापन आगामी चार जून को होगा।
प्रतियोगिता का औपचारिक उद्घाटन उत्तर प्रदेश कैरम एसोसिएशन के अध्यक्ष बैजनाथ सिंह ने कैरम बोर्ड पर गोटियों को स्ट्राइक कर किया। उद्घाटन से पूर्व बैजनाथ सिंह सहित सभी खिलाड़ियों ने स्वर्गीय रामाज्ञा सिंह के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर रमेश कुमार वर्मा, अशोक कुमार सिंह, अश्विनी चक्रवाल, रेणुका राय, अभिषेक विश्वकर्मा, विनोद यादव, गौरव गुप्ता, शिवदयाल यादव, कृष्ण दयाल यादव, श्री प्रसाद सोनी, नूरन खान, वैभव सिंह, मोहम्मद अजमल, हरियाली सिंह, रितमभरा, अंजली गुप्ता, सौम्या यादव, अश्वनी मौर्य, प्रियान्शू यादव, सूरज प्रसाद, हर्षित सहित खिलाड़ी और एसोसिएशन के पदाधिकारी मौजूद रहे।
प्रतियोगिता का संचालन अंतर्राष्ट्रीय निर्णायक रमेश कुमार वर्मा और आयोजन सचिव अश्विनी चक्रवाल की देखरेख में किया गया। अंपायर की जिम्मेदारी हरियाली सिंह, रेणुका राय, अंजली गुप्ता और सूरज प्रसाद ने निभाई।
