वाराणसी
तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आकर युवक की मौत
वाराणसी-गाजीपुर मार्ग पर चौबेपुर थाना क्षेत्र के डुबकियां गांव के पास सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने युवक को टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। समाचार लिखे जाने तक मृतक की पहचान अब तक नहीं हो सकी है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, टक्कर इतनी जोरदार थी कि युवक सड़क पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़ा। सूचना मिलते ही चौबेपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने एम्बुलेंस की सहायता से घायल युवक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) नरपतपुर भिजवाया।
सीएचसी नरपतपुर के प्रभारी डॉ. राजनाथ राम ने बताया कि पुलिस द्वारा लाए गए युवक की अस्पताल पहुंचने से पहले ही मौत हो चुकी थी। जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया गया।
हादसे के बाद अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

थाना प्रभारी वीरेंद्र सोनकर ने जानकारी दी कि मृतक युवक की पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। आसपास के क्षेत्रों और सोशल मीडिया के माध्यम से उसकी शिनाख्त कराने की कोशिश जारी है। साथ ही, मार्ग पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि आरोपी वाहन और उसके चालक का पता लगाया जा सके।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि इस दुर्घटना या मृतक युवक के संबंध में किसी को कोई जानकारी मिले तो तुरंत चौबेपुर थाने को सूचित करें।
