वाराणसी
IMS BHU : नेशनल एजिंग सेंटर में लगेगा अत्याधुनिक लिक्विड ऑक्सीजन प्लांट
वाराणसी। आईएमएस बीएचयू के निर्माणाधीन नेशनल एजिंग सेंटर में बुजुर्ग मरीजों के लिए अत्याधुनिक लिक्विड ऑक्सीजन प्लांट स्थापित किया जाएगा। करीब 200 बेड वाले इस विशेष केंद्र में एक हजार लीटर प्रति मिनट (एलपीएम) क्षमता का अलग ऑक्सीजन प्लांट लगाया जाएगा। इससे यहां भर्ती मरीजों को निर्बाध ऑक्सीजन आपूर्ति सुनिश्चित हो सकेगी। सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक के पास 200 बेड का नेशनल एजिंग सेंटर स्थित है। उत्तर भारत का यह दूसरा सेंटर है। यहां केवल बुजुर्ग मरीजों को ही भर्ती किया जाएगा। बुजुर्गों को लगातार ऑक्सीजन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से अलग से ऑक्सीजन प्लांट लगाया जाएगा। यह प्लांट पूरी तरह से सेंटर के लिए समर्पित रहेगा।
इसके शुरू होने के बाद नेशनल एजिंग सेंटर को ऑक्सीजन आपूर्ति के लिए बीएचयू अस्पताल के अन्य ऑक्सीजन प्लांट पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। सेंटर में सेंट्रलाइज पाइपलाइन सिस्टम के जरिए प्रत्येक बेड तक सीधे ऑक्सीजन पहुंचाने की व्यवस्था होगी। इससे उपचार प्रक्रिया अधिक सुरक्षित और सुगम बनेगी। साथ ही अस्पताल कर्मियों पर अतिरिक्त दबाव भी कम होगा। नोडल सेंटर डॉ. अनुप सिंह ने कहा कि यह पहल न सिर्फ बुजुर्ग मरीजों के उपचार को बेहतर बनाएगी, बल्कि भविष्य में किसी भी आपातकालीन स्थिति से निपटने की तैयारी को भी मजबूती देगी।
