Connect with us

वाराणसी

अवैध खनन पर बड़ी कार्रवाई, स्कार्पियो सहित 23 वाहन जब्त

Published

on

Loading...
Loading...

वाराणसी जिला प्रशासन ने चौबेपुर थाना क्षेत्र में लंबे समय से चल रहे अवैध मिट्टी और बालू खनन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए संयुक्त अभियान चलाया। प्रशासन की संयुक्त टीम ने बीती रात ताबड़तोड़ छापेमारी की, जिसमें 23 वाहन जब्त किए गए। इस कार्रवाई से खनन माफियाओं में हड़कंप मच गया है।

अवैध खनन की शिकायतों का संज्ञान लेते हुए वाराणसी जिला प्रशासन ने एक विशेष संयुक्त टीम का गठन किया था। इस टीम में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, जिला खनन अधिकारी, एसीपी और चौबेपुर थाना पुलिस के साथ राजस्व कर्मी शामिल थे। टीम ने पूरी रणनीति के तहत चौबेपुर थाना क्षेत्र के लगभग 8 अलग-अलग स्थानों पर एक साथ छापेमारी की।

चौबेपुर पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने अवैध रूप से मिट्टी का परिवहन कर रहे कई ट्रैक्टरों का पीछा कर उन्हें पकड़ा और सीज किया। इस कार्रवाई में कुल 23 गाड़ियां पकड़ी गईं। जब्त किए गए वाहनों में 21 ट्रैक्टर अवैध खनन में लिप्त पाए गए, जिनमें से 3 ट्रैक्टरों पर बालू लदा हुआ था।

इसके अलावा, अवैध रूप से मिट्टी और बालू की खुदाई में इस्तेमाल की जा रही एक जेसीबी भी जब्त की गई। छापेमारी के दौरान एक स्कॉर्पियो गाड़ी भी जब्त की गई। अधिकारियों के अनुसार, इस लग्जरी गाड़ी का इस्तेमाल खनन माफिया प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस की लोकेशन को ट्रैक करने के लिए कर रहे थे, ताकि वे कार्रवाई से बच सकें।

Advertisement

स्थानीय लोगों का कहना है कि चौबेपुर क्षेत्र में अवैध खनन का खेल बड़े पैमाने पर चल रहा था। प्रशासन की इस कार्रवाई से न केवल अवैध खनन पर लगाम लगेगी, बल्कि अधिकारियों की सूचना करने वाले सिंडिकेट की भी भंडाफोड़ हुआ है।

एसीपी सारनाथ ने बताया कि क्षेत्र में किसी भी प्रकार का अवैध खनन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पकड़े गए लोगों और उनके सहयोगियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई के बाद से क्षेत्र के अन्य खनन माफिया भी भूमिगत हो गए हैं।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page