वाराणसी
लोहता में युवक ने दी जान, मौके पर पहुंचे एसीपी और फोरेंसिक टीम
वाराणसी। लोहता थाना क्षेत्र के छितौनी गांव में गुरुवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब एक युवक द्वारा घर के भीतर फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने की सूचना सामने आई। घटना की खबर मिलते ही गांव में लोगों की भीड़ जुट गई और परिजनों में कोहराम मच गया।
सूचना मिलने पर लोहता थाना प्रभारी पुलिस टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जांच शुरू की।घटना की जानकारी उच्च अधिकारियों को दी गई, जिसके बाद एसीपी रोहनिया संजीव कुमार शर्मा भी घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही आसपास के लोगों से भी पूछताछ की। मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को बुलाया गया, जिसने मौके से जरूरी साक्ष्य एकत्र किए।पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान मो. तालिम (25 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय अब्दुल कादिर निवासी छितौनी के रूप में हुई है।
बताया गया कि वह छह भाइयों में चौथे नंबर पर था। उसकी पत्नी का नाम समा आफरीन है। घटना के बाद परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं आत्महत्या के पीछे की वजह जानने के लिए परिजनों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच में जुटी हुई है।
