वाराणसी
राजीव गाँधी आधुनिक भारत निर्माण के महान शिल्पकार थे : राघवेंद्र चौबे
राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर कांग्रेस ने निकाली नमन पदयात्रा
वाराणसी। जिला कांग्रेस कमेटी एवं महानगर कांग्रेस कमेटी, वाराणसी के संयुक्त तत्वावधान में मैदागिन स्थित राजीव चौक पर भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की पुण्यतिथि श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई गई।
हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मैदागिन स्थित राजीव गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण और पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी तथा उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष राजेश्वर पटेल ने की, जबकि संयोजन महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे द्वारा किया गया।
इसके बाद महानगर कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में महानगर क्षेत्र के 100 वार्डों में राजीव गांधी नमन पदयात्रा निकाली गई। यात्रा की शुरुआत मध्यमेश्वर वार्ड से हुई, जहां पार्षद प्रत्याशी अनिल पटेल को राजीव गांधी का छायाचित्र भेंट कर जिलाध्यक्ष राजेश्वर पटेल एवं दक्षिण विधानसभा प्रभारी राजेश गुप्ता ने पदयात्रा को रवाना किया। यह यात्रा विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए पराड़कर भवन स्थित वरिष्ठ पत्रकार स्व. बाबूराव विष्णु पराड़कर की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ संपन्न हुई। इसी क्रम में महानगर के 100 वार्डों में वार्ड अध्यक्षों, प्रभारियों, महानगर कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों एवं पार्षद प्रत्याशियों ने राजीव गांधी नमन पदयात्रा निकालकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष राजेश्वर पटेल एवं महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने संयुक्त रूप से कहा कि भारत रत्न राजीव गांधी आधुनिक भारत के निर्माण के महान शिल्पकार थे। उन्होंने देश को 21वीं सदी की सोच प्रदान की और तकनीक, संचार तथा कंप्यूटर क्रांति की दिशा में भारत को आगे बढ़ाने का ऐतिहासिक कार्य किया। आज देश में सूचना प्रौद्योगिकी, दूरसंचार और डिजिटल व्यवस्था जिस रूप में दिखाई देती है, उसकी मजबूत आधारशिला राजीव गांधी ने ही रखी थी।
उन्होंने कहा कि राजीव गांधी ने युवाओं को राजनीति और राष्ट्र निर्माण में भागीदारी देने का कार्य किया। पंचायतों एवं स्थानीय निकायों को सशक्त बनाने के लिए किए गए उनके प्रयासों ने लोकतंत्र को गांव-गांव तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। शिक्षा, विज्ञान, तकनीक और रोजगार के क्षेत्र में दूरदर्शी नीतियां बनाकर उन्होंने देश को नई दिशा देने का कार्य किया।
नेताओं ने कहा कि राजीव गांधी सदैव देश की एकता, अखंडता और सामाजिक सौहार्द के पक्षधर रहे। उनका मानना था कि भारत की वास्तविक शक्ति उसकी विविधता और भाईचारे में निहित है। देश को मजबूत बनाने के लिए उन्होंने प्रेम, सद्भाव और लोकतांत्रिक मूल्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में राजीव गांधी के विचार और अधिक प्रासंगिक हो गए हैं। युवाओं, किसानों, मजदूरों, गरीबों एवं कमजोर वर्गों के उत्थान के लिए उनके सपनों को आगे बढ़ाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
कार्यक्रम में उपस्थित कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राजीव गांधी के आदर्शों पर चलने तथा लोकतंत्र एवं संविधान की रक्षा के लिए निरंतर संघर्ष करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष राजेश्वर सिंह पटेल, महानगर अध्यक्ष राघवेन्द्र चौबे, फसाहत हुसैन बाबू, गुलशन अली, डॉ. राजेश गुप्ता, सतनाम सिंह, प्रवीन प्रकाश, सैयद हसन, सुनील श्रीवास्तव, विनोद सिंह, वकील अंसारी, राज खां, राजू राम, संतोष मौर्य, संतोष चौरसिया, अशलम खां, अब्दुल हमीद, प्रमोद वर्मा, मनोज वर्मा, आकाश त्रिपाठी, डॉ. मनोज, आनन्द चौबे, अनिल पटेल, पारश नाथ यादव, अनिल केशरी, मिठुन सरकार, प्रमोद यादव, रामजी गुप्ता, शशि सोनकर, साबिर, विशाल तिवारी, विकास, किशन सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।
