गाजीपुर
नहर में डूबने से दो सगे भाइयों की मौत, परिवार में पसरा मातम
जखनियां (गाजीपुर) जयदेश। जखनियां तहसील क्षेत्र के ग्राम सभा कनुवान में गुरुवार सुबह उस वक्त चीख-पुकार मच गई, जब नहर में नहाने गए दो सगे भाइयों की डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कनुवान निवासी जगत राम उर्फ जग्गू कनौजिया के पुत्र किशन कनौजिया (14 वर्ष) और शिवराज कनौजिया (13 वर्ष) अपने छोटे भाई अनंत राज के साथ गुरैनी-बलोरी स्थित नहर में नहाने गए थे। इसी दौरान शिवराज अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। छोटे भाई को बचाने के प्रयास में बड़ा भाई किशन भी नहर में कूद पड़ा, लेकिन वह भी गहरे पानी में समा गया। कुछ ही पलों में दोनों भाइयों की डूबने से मौत हो गई।
बताया गया कि छोटा भाई अनंत राज किनारे पर नहा रहा था, जिससे उसकी जान बच गई। उसकी चीख सुनकर आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बच्चों को बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।
जानकारी के मुताबिक, किशन कनौजिया कुसुम देवी इंटर कॉलेज में कक्षा 7 का छात्र था, जबकि शिवराज कक्षा 6 में अध्ययनरत था। मृतकों के पिता जगत राम उर्फ जग्गू राजमिस्त्री का कार्य करते हैं और मेहनत मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। परिवार में तीन पुत्र और दो पुत्रियां हैं। एक साथ दो बेटों की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
घटना की सूचना मिलते ही मां रीमा देवी बदहवास हालत में नहर किनारे पहुंचीं। दोनों बेटों के शव देखकर वह दहाड़ मारकर रोने लगीं और बार-बार बेहोश हो जा रही थीं। पिता का भी रो-रोकर बुरा हाल है।
सूचना मिलने पर एसडीएम जखनिया और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए गाजीपुर भेज दिया।
