गाजीपुर
डंपर की टक्कर से चाचा-भतीजे की मौत
सादात (गाजीपुर) जयदेश। जिले के सादात थाना क्षेत्र के टांड़ा चट्टी के पास गुरुवार को हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार चाचा-भतीजे की दर्दनाक मौत हो गई। तेज रफ्तार डंपर ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में भतीजे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल चाचा को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान बहरियाबाद थाना क्षेत्र के सलेमपुर बघाईं गांव निवासी 38 वर्षीय मनोज यादव पुत्र सत्यनारायण यादव तथा उनके भतीजे 23 वर्षीय संदीप यादव पुत्र रामजी यादव के रूप में हुई है।
जानकारी के मुताबिक, गुरुवार को मनोज यादव और संदीप यादव किसी कार्य से बाइक से निकले थे। जैसे ही वे सादात थाना क्षेत्र के टांड़ा चट्टी के पास पहुंचे, तभी मजुई से बहरियाबाद की ओर जा रहे अनियंत्रित डंपर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग जुट गए।

ग्रामीणों की सूचना पर सादात थानाध्यक्ष पन्नेलाल यादव और बहरियाबाद थानाध्यक्ष बृजेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने सड़क किनारे पड़े संदीप यादव के शव को कब्जे में लिया, जबकि घायल मनोज यादव को एम्बुलेंस से अस्पताल भेजा गया, जहां उन्हें भी मृत घोषित कर दिया गया। इसके बाद पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया।
मृतक संदीप यादव और मनोज यादव के घर एक-दूसरे के बगल में हैं और दोनों रिश्ते में चाचा-भतीजे थे। दोनों की एक साथ मौत की खबर जैसे ही सलेमपुर बघाईं गांव पहुंची, पूरे गांव में मातम छा गया। अस्पताल पहुंचीं संदीप की मां माधुरी देवी, बहन रुचि यादव समेत परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। वहीं सादात थाने पहुंचीं मनोज यादव की पत्नी और परिवार की अन्य महिलाओं के विलाप से माहौल गमगीन हो गया।

घटना के बाद डंपर चालक वाहन लेकर फरार हो गया, लेकिन बहरियाबाद में सड़क किनारे डंपर छोड़कर मौके से भाग निकला। पुलिस ने डंपर को कब्जे में ले लिया है। इधर, पुलिस द्वारा मनोज यादव के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजे जाने की बात पर ग्रामीणों ने नाराजगी जताई और पुलिस की कार्यप्रणाली पर असंतोष व्यक्त किया।
ग्रामीणों ने बहरियाबाद में पकड़े गए डंपर और मृतक मनोज यादव के शव को सादात थाने लाने की मांग करते हुए तहरीर देने से इंकार कर दिया। बाद में थाने पहुंचे सीओ रामकृष्ण तिवारी ने ग्रामीणों को समझाकर मामला शांत कराया। इसके बाद पुलिस ने तहरीर के आधार पर दुर्घटना करने वाले ट्रक और उसके चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
