गाजीपुर
तेज रफ्तार ट्रेलर हुई अनियंत्रित, चार दुकानें क्षतिग्रस्त
गाजीपुर (जयदेश)। भदौरा बस स्टैंड पर बुधवार तड़के एक तेज रफ्तार ट्रेलर अनियंत्रित होकर दुकानों में घुस गया। हादसे में चार दुकानें क्षतिग्रस्त हो गईं, हालांकि दुकानदार सुरक्षित बच गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई, जबकि चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।
ट्रेलर की टक्कर से शशिकांत गुप्ता, जितेंद्र गुप्ता, विवेकानंद चौरसिया और रमानंद गुप्ता की दुकानें प्रभावित हुईं। हादसे के दौरान दुकानदार जितेंद्र कुमार गुप्ता बाल-बाल बच गए और उन्हें कोई चोट नहीं आई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, रात ढाई बजे के आसपास एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने पहले सड़क किनारे खड़े डंपर में टक्कर मारी। इसके बाद चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और ट्रेलर सीधे दुकानों में जा घुसा। दुर्घटना में दुकानों के टीनशेड, मिठाई की दुकान का एसी काउंटर, गुमटी समेत अन्य सामान क्षतिग्रस्त हो गए।
हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस ने ट्रेलर और डंपर को कब्जे में ले लिया। प्रभारी निरीक्षक गहमर प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि मामले में तहरीर प्राप्त हो गई है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
