गोरखपुर
पानी की टंकी निर्माण में अनियमितता पर ग्रामीणों ने जताई नाराजगी
हरपुर-बुदहट (गोरखपुर)। सहजनवा ब्लॉक के ग्राम पंचायत गंगटही में जल जीवन मिशन के अंतर्गत बन रही पानी की टंकी के निर्माण में अनियमितता का आरोप लगाते हुए मंगलवार को करीब दो दर्जन ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने निर्माण कार्य में कथित भ्रष्टाचार पर रोक लगाने और ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई।
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे सिद्धनाथ सिंह ने बताया कि गांव में जल जीवन मिशन के तहत पानी की टंकी का निर्माण कराया जा रहा है, लेकिन कार्य में मानक के अनुरूप सामग्री का उपयोग नहीं किया जा रहा है। उनका आरोप है कि निर्माण में पूरी तरह पीली ईंट का इस्तेमाल किया जा रहा है तथा आरसीसी ढलाई में भी मानकों के विपरीत सामग्री लगाई जा रही है। उन्होंने कहा कि इंटरलॉकिंग निर्माण में नीचे सिर्फ साधारण बालू डाला गया है और ठेकेदार निजी सीमेंट का प्रयोग करा रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि निर्माण के दौरान रास्तों को कई जगह खोदकर छोड़ दिया गया है, जिससे लोग गिरकर चोटिल हो रहे हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की कि पानी की टंकी निर्माण में हो रही धांधली की जांच कराकर संबंधित ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
इस मामले में अवर अभियंता अखिलेश पांडेय ने कहा कि निर्माण कार्य में किसी प्रकार की धांधली नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि मौके पर पहुंचकर जांच की जाएगी और जहां कमी मिलेगी उसे ठीक कराया जाएगा।
प्रदर्शन करने वालों में रणविजय सिंह, लालजी कन्नौजिया, शनिदेव, दीनानाथ सिंह, पन्ने लाल, विनीत सिंह, विजय सिंह, विवेक कुमार, उमानाथ सिंह, दीनानाथ और राहुल पाण्डेय सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे।
