गोरखपुर
पत्नी से विवाद के बाद मोबाइल टावर पर चढ़ा पति
घंटों चला हाईवोल्टेज ड्रामा, पुलिस ने सुरक्षित उतारा
बेलघाट (गोरखपुर)। पत्नी से विवाद के बाद मंगलवार दोपहर एक युवक मोबाइल टावर पर चढ़ गया। युवक को टावर पर चढ़ते देख ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। करीब दो घंटे तक चले प्रयास के बाद पुलिसकर्मियों ने समझाने-बुझाने और मदद का भरोसा देकर युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया।
घटना बेलघाट क्षेत्र के रापतपुर करमातर टोला की है। गांव निवासी रवि का किसी बात को लेकर पत्नी से विवाद हो गया था। इसके बाद वह दोपहर करीब 12 बजे मोबाइल फोन टावर पर चढ़ गया। जानकारी मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर बेलघाट थाने की पुलिस पहुंची और काफी देर तक युवक को समझाने का प्रयास करती रही।
करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद युवक नीचे उतरने को तैयार हुआ। स्थानीय लोगों के अनुसार लगभग 10 दिन पहले भी बेलघाट क्षेत्र में एक युवक बीएसएनएल टावर पर चढ़ गया था, जिसे पुलिस और ग्रामीणों की मदद से सुरक्षित नीचे उतारा गया था।
पहले भी टावर पर चढ़ चुके हैं लोग
16 अप्रैल 2026 : गोरखनाथ क्षेत्र में दारोगा की गिरफ्तारी की मांग को लेकर युवती मोबाइल टावर पर चढ़ गई थी।
14 अप्रैल 2026 : बेलीपार क्षेत्र में प्रेमी से शादी करने की मांग को लेकर युवती पानी की टंकी पर चढ़ गई थी।
12 अप्रैल 2026 : झंगहा क्षेत्र में किशोरी अपने प्रेमी से विवाह की जिद में टावर पर चढ़ गई थी।
10 मई 2025 : गोला क्षेत्र में पत्नी पर बेवफाई का आरोप लगाते हुए युवक टावर पर चढ़ गया था।
07 जून 2025 : महराजगंज के परतावल क्षेत्र का रहने वाला युवक पिपराइच में मोबाइल टावर पर चढ़ गया था।
09 सितंबर 2024 : कैंपियरगंज क्षेत्र में नौकरी न मिलने से नाराज युवक टावर पर चढ़ गया था।
12 अगस्त 2023 : गोरखनाथ क्षेत्र में पारिवारिक विवाद के बाद युवक हाईटेंशन टावर पर चढ़ गया था।
12 अगस्त 2022 : सहजनवा क्षेत्र में पत्नी से विवाद के बाद युवक मोबाइल टावर पर चढ़ गया था, जिससे घंटों तक हंगामा चलता रहा।
