गाजीपुर
22 मई से शुरू होगी मकान गणना, लापरवाही पर होगी कार्रवाई : एसडीएम
जमानिया (गाजीपुर) जयदेश। तहसील परिसर में मंगलवार को उपजिलाधिकारी मनोज पाठक ने आगामी 22 मई से शुरू होने वाली मकान गणना की तैयारियों को अंतिम रूप देते हुए ब्लॉक और तहसील स्तर के 100 सुपरवाइजरों को गणना किट वितरित किया। इस दौरान उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि शासन की प्राथमिकता वाले इस अभियान में किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनियमितता या त्रुटि बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
एसडीएम ने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश देते हुए कहा कि मकान गणना केवल आंकड़ों का संकलन नहीं, बल्कि भविष्य की विकास योजनाओं की आधारशिला है। उन्होंने कहा कि आवास, सड़क, बिजली, पानी, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी योजनाओं की सटीक रूपरेखा तैयार करने में सही जनगणना और मकान गणना की अहम भूमिका होती है। इसलिए प्रत्येक परिवार और भवन का सही विवरण दर्ज किया जाना बेहद जरूरी है, ताकि सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक प्रभावी ढंग से पहुंच सके।
उन्होंने सुपरवाइजरों को निर्देश दिया कि निर्धारित मानकों के अनुरूप नजरी नक्शा तैयार करते हुए मकान गणना का कार्य पूरी पारदर्शिता और त्रुटिरहित तरीके से संपन्न कराया जाए। जानकारी देते हुए बताया कि यह अभियान 22 मई से शुरू होकर 20 जून तक चलेगा, जिसके तहत क्षेत्र के प्रत्येक मकान, भवन और परिवार का भौतिक सत्यापन कर विवरण दर्ज किया जाएगा। प्रशासन द्वारा नियमित औचक निरीक्षण और समीक्षा भी की जाएगी।
इस अवसर पर तहसीलदार राम नारायण वर्मा, संत कुमार गुप्ता, सुनील कुमार शर्मा, अजय पाण्डेय,इस अवसर पर तहसीलदार राम नारायण वर्मा, संत कुमार गुप्ता, सुनील कुमार शर्मा, अजय पाण्डेय, दीपक तिवारी, कवींद्र कुमार, इंद्रमोहन सिंह, मिथलेश सिंह, डेजी शर्मा, अभिमन्यु प्रधान, अजय कुमार, संदीप यादव सहित बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी सहित लोग उपस्थित रहे।
