वाराणसी
मानदेय भुगतान न होने पर NHM संविदाकर्मियों का विरोध प्रदर्शन
वाराणसी। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के अंतर्गत कार्यरत संविदा कर्मचारियों को मार्च 2026 से मानदेय का भुगतान न होने के विरोध में मंगलवार को शहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, शिवपुर में कर्मचारियों ने काली पट्टी बांधकर प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने शासन और विभागीय अधिकारियों से जल्द बकाया मानदेय भुगतान की मांग उठाई।
प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों का कहना था कि कई महीनों से वेतन न मिलने के कारण आर्थिक स्थिति गंभीर हो गई है। परिवार के भरण-पोषण, बच्चों की पढ़ाई और दैनिक जरूरतों को पूरा करने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसके बावजूद सभी कर्मचारी पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ स्वास्थ्य सेवाओं का संचालन कर रहे हैं।
कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र मानदेय का भुगतान नहीं किया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान संविदा चिकित्सकों की टीम, स्टाफ नर्स, लैब टेक्नीशियन सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
