गाजीपुर
भीषण गर्मी में अनावश्यक पानी बहने से ग्रामीण आक्रोशित
बहरियाबाद (गाजीपुर) जयदेश। बहरियाबाद स्थित जल निगम की टंकी से सुबह -शाम पानी की सप्लाई किया जा रहा है । लेकिन पाइप के टूट जाने से पानी अनावश्यक रूप से तेजी से खेतों में बह रहा है। बताया जाता है कि पिछले माह भीषण आंधी ,तूफान के आ जाने के वजह से एक नीम का पेड़ बिजली के तार पर गिर जाने से लगभग तीन खंभा टूट कर गिर गया था।
नया खंभा का गड्ढा खोदते समय जल निगम द्वारा बिछाई गई पाइप लाइन की पाइप के टूट जाने से लगभग एक माह से जल निगम का पानी तेजी से बहने के कारण सभी घरों के पाइप लाइन से पानी नहीं पहुंच रहा है। ग्रामीणों ने इस टूटे हुए पाइप को ठीक करने के लिए कई बार जल निगम के कर्मचारियों को सूचना दिए लेकिन अभी तक कर्मचारियों द्वारा इसे ठीक नहीं किया गया, जिसके वजह से जल निगम का पूरा पानी टूटे हुए पाइप से बाहर निकल रहा है।
इस समय भीषण गर्मी पड़ने के कारण पानी उपभोक्ताओं को एक-एक बूंद पानी के लिए तरसना पड़ रहा है। पानी के अभाव में दिनचर्या का एक भी कार्य नहीं हो पा रहा है। जिससे उपभोक्ताओं मे जबरदस्त रोष व्याप्त है। ग्रामीणों का कहना है कि अगर इस टूटे हुए पाइप को जल्द से जल्द नही बनाया गया तो मजबूर होकर धरना प्रदर्शन एवं अनशन करने को बाध्य हो जाएंगे।
