गाजीपुर
भीषण गर्मी और बिजली कटौती से नंदगंज बेहाल, रातभर तड़पे लोग
नंदगंज (गाजीपुर) जयदेश। नंदगंज क्षेत्र में सोमवार की रात भीषण गर्मी और लगातार हो रही विद्युत कटौती ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी। हीटवेव के बीच उमस भरी रात में बिजली की लंबी कटौती से आम जनमानस बेहाल रहा। सबसे अधिक दिक्कतें छोटे बच्चों और बुजुर्गों को झेलनी पड़ी। बच्चे गर्मी से बार-बार रोते रहे, जबकि बुजुर्ग पूरी रात जागकर किसी तरह समय बिताने को मजबूर रहें।
सोमवार शाम प्रशासन की ओर से मोबाइल पर 24 घंटे के भीतर हीटवेव को लेकर अलर्ट भी जारी किया गया था। इसके बावजूद बिजली व्यवस्था चरमराई रही। लोगों का कहना था कि गर्मी इतनी तेज थी कि बिस्तर तक तप रहा था और पंखों से भी गर्म हवा निकल रही थी। उसी में बिजली कटौती ने स्थिति को और भी अधिक कष्टदायक बना दिया। क्षेत्र में कई जगह घंटों बिजली गुल रहने से लोगों के घरों में लगे ए.सी. और कूलर भी बेअसर साबित हुए। बिजली आने पर भी वोल्टेज की समस्या के कारण ए.सी. पर्याप्त ठंडक नहीं दे पा रही थी। फलस्वरूप पूरी रात आमजन गर्मी और उमस से परेशान रहें।
स्थानीय लोगों ने विद्युत विभाग से हीटवेव के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है।ताकि लोगों को राहत मिल सके।
