Connect with us

गाजीपुर

माँ कवलापति धाम टण्डवा भवानी मंदिर के लिए पंजीकृत प्रबन्ध समिति का गठन

Published

on

Loading...
Loading...

क्षेत्रीय जनता में हर्ष की लहर

बहरियाबाद (गाजीपुर) जयदेश। ग्राम-पलिंवार क्षेत्र में प्रसिद्ध और वर्तमान में ग्राम हुसैनपुर मुरधान (पो० गदाईपुर) स्थित अगाध आस्था के केंद्र ‘माँ भगवती’ (माँ कवलापति धाम टण्डवा भवानी) के प्राचीन मंदिर के सुचारू संचालन, सुंदरीकरण और सर्वांगीण विकास के लिए एक नई प्रबन्ध समिति का आधिकारिक गठन कर दिया गया है। ‘रजिस्ट्रार फर्म्स, सोसाइटी एण्ड चिट्स, उत्तर प्रदेश’ के अनुमोदन के बाद इस समिति को पूर्ण कानूनी मान्यता मिल गई है, जिससे मंदिर के भव्य और दिव्य विकास का मार्ग प्रशस्त हो गया है।

पाँच वर्षों के लिए मिली कानूनी मान्यता

कार्यालय द्वारा जारी आधिकारिक प्रमाण पत्र के अनुसार, संस्था का नाम ‘माँ कवलापति धाम टण्डवा भवानी प्रबन्ध समिति’ (पंजीकरण संख्या: GAZ/01143/2026-2027) है। इस समिति को दिनांक 15/05/2026 से 14/05/2031 तक यानी आगामी पाँच वर्षों के लिए शासन द्वारा मान्य और अनुमोदित किया गया है।

नवनिर्वाचित और शासन द्वारा अनुमोदित समिति में उत्तर प्रदेश सचिवालय से सेवानिवृत्त वरिष्ठ अधिकारी राज नारायण सिंह को ‘संरक्षक’ तथा अरविन्द कुमार सिंह को ‘महासचिव’ के महत्वपूर्ण पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

Advertisement

अगाध श्रद्धा का केंद्र और जन-आकांक्षा

बहरियाबाद क्षेत्र के अंतर्गत आने वाला यह पवित्र धाम एक जागृत सिद्धपीठ के रूप में जाना जाता है। माँ भगवती इस पूरे क्षेत्र के अनेक गाँवों की कुलदेवी के रूप में पूजी जाती हैं। वर्तमान समय में सनातन हिंदू धर्म के प्रति लोगों की बढ़ती अटूट श्रद्धा के कारण यहाँ प्रतिदिन दर्शनार्थियों और पूजन करने वालों की भारी भीड़ उमड़ रही है।

लंबे समय से किसी औपचारिक और पंजीकृत प्रबन्ध समिति के न होने के कारण मंदिर व्यवस्था के सुचारू संचालन और परिसर के विस्तार में व्यावहारिक कठिनाइयाँ आ रही थीं, जिससे व्यवस्था में थोड़ी अराजकता की स्थिति बन रही थी। इसे देखते हुए क्षेत्रीय ग्रामीण जनता लंबे समय से एक सुदृढ़ और कानूनी रूप से पंजीकृत समिति के गठन की माँग कर रही थी, जो अब पूरी हो गई है।

अनुभवी नेतृत्व के भगीरथ प्रयासों से मिली सफलता

क्षेत्रीय ग्रामीणों की इस पुरानी माँग को पूरा करने में उत्तर प्रदेश सचिवालय से सेवानिवृत्त और वर्तमान योगी सरकार के पहले कार्यकाल में पूर्व मंत्री मोती सिंह के विशेष कार्याधिकारी (OSD) रहे राज नारायण सिंह (निवासी: ग्राम/पोस्ट पलिंवार, पता: लखनऊ, गोमती नगर, विनीत खंड, लखनऊ) ने मुख्य भूमिका निभाई। उनके अथक प्रयासों, दीर्घ प्रशासनिक अनुभव और कुशल दिशा-निर्देशन के कारण ही इस प्रबन्ध समिति का सरकारी पंजीकरण अत्यंत सुगमता से संपन्न हो सका।

Advertisement

इसके साथ ही, अरविन्द कुमार सिंह (निवासी: भोजूपुर, जिला वाराणसी), जो वर्तमान में उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रवीन्द्र जायसवाल के प्रतिनिधि हैं, समिति में महासचिव बने हैं। इन दोनों प्रभावशाली और अनुभवी व्यक्तित्वों के जुड़ने से क्षेत्र के लोग मंदिर के कायाकल्प को लेकर पूरी तरह आश्वस्त हैं।

विकास की नई गाथा लिखेगा नया संगठन

प्रबन्ध समिति के गठन से क्षेत्रीय गाँवों के लोगों में भारी उत्साह और खुशी का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि जिस तरह पूर्व में राज नारायण सिंह ने जनपद गाजीपुर के पूर्व मंत्री रहे सुरेन्द्र सिंह के सफल योगदान से बहरियाबाद में ‘बेसो नदी’ पर पुल, बहरियाबाद विद्युत उपकेंद्र तथा बहरियाबाद से भरतपुर होते हुए पलिंवार  तक पक्की सड़क बनवाने में ऐतिहासिक सफलता हासिल की थी, ठीक उसी तरह अब वे अपनी पूरी टीम के साथ मिलकर माँ कवलापति धाम टण्डवा भवानी मंदिर का जीर्णोद्धार व पुनरुद्धार करने में सफल होंगे।

क्षेत्रीय जनता को पूरा विश्वास है कि यह नया संगठन मंदिर परिसर को एक दिव्य, भव्य और आधुनिक धार्मिक स्थल के रूप में विकसित करेगा, जिससे यहाँ आने वाले श्रद्धालुओं को उच्च स्तरीय सुविधाएँ मिल सकेंगी।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page