गाजीपुर
पहली पत्नी के रहते दूसरी शादी का आरोप, केस दर्ज
सुहवल (गाजीपुर) जयदेश। जिले के सुहवल थाना क्षेत्र में एक विवाहिता के साथ धोखा और उत्पीड़न का मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार ने पुलिस से न्याय की गुहार लगाते हुए पति पर पहली पत्नी के रहते दूसरी शादी करने तथा विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थानाध्यक्ष कमलेश कुमार ने बताया कि थाना क्षेत्र निवासी मनवर अंसारी ने तहरीर देकर आरोप लगाया है कि उनकी पुत्री साजिया परवीन का निकाह वर्ष 2020 में दिलदारनगर थाना क्षेत्र के पचोखर गांव निवासी मेराज अंसारी के साथ हुआ था। विवाह के बाद कुछ समय तक सब कुछ सामान्य रहा, लेकिन बाद में जानकारी मिली कि मेराज अंसारी ने पहली पत्नी के रहते दूसरी शादी कर ली है।
आरोप है कि जब पीड़ित परिवार इस संबंध में बातचीत और पूछताछ के लिए ससुराल पक्ष के पास पहुंचा तो मेराज अंसारी नाराज हो गया और साजिया परवीन को जान से मारकर फेंक देने की धमकी देने लगा। थानाध्यक्ष कमलेश कुमार ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर छानबीन की जा रही है।
