खेल
PBKS vs RCB : पंजाब किंग्स को हराकर आरसीबी ने प्लेऑफ में बनाई जगह
धर्मशाला। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 61वें मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने पंजाब किंग्स को 23 रन से हराकर प्लेऑफ में जगह पक्की कर ली। हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम, धर्मशाला में खेले गए मुकाबले में आरसीबी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 4 विकेट पर 222 रन बनाए। जवाब में पंजाब किंग्स की टीम 20 ओवर में 8 विकेट पर 199 रन ही बना सकी।

पंजाब किंग्स (Punjab Kings) के कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया था। आरसीबी की ओर से विराट कोहली ने 58 रन की अहम पारी खेली, जबकि वेंकटेश अय्यर ने नाबाद 73 रन बनाए। अंतिम ओवरों में टिम डेविड ने 12 गेंद में 28 रन की तेज पारी खेलकर टीम का स्कोर 222 तक पहुंचाया।

आरसीबी (Royal Challengers Bengaluru) की शुरुआत आक्रामक रही। पॉवरप्ले में टीम ने एक विकेट पर 61 रन बना लिए थे। विराट कोहली और देवदत्त पडिक्कल ने दूसरे विकेट के लिए तेज साझेदारी की। पडिक्कल 25 गेंद पर 45 रन बनाकर हरप्रीत बराड़ का शिकार बने। विराट कोहली ने 31 गेंद में अर्धशतक पूरा किया और 58 रन बनाकर युजवेंद्र चहल की गेंद पर आउट हुए। वेंकटेश अय्यर ने बाद में तेज बल्लेबाजी करते हुए 32 गेंद में अर्धशतक लगाया और टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।

पंजाब किंग्स की ओर से हरप्रीत बराड़ ने 2 विकेट लिए। युजवेंद्र चहल और अर्शदीप सिंह को 1-1 सफलता मिली।223 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पंजाब किंग्स की शुरुआत खराब रही। भुवनेश्वर कुमार ने पहले ही ओवर में प्रियांश आर्या को बिना खाता खोले आउट कर दिया। इसके बाद प्रभसिमरन सिंह और कप्तान श्रेयस अय्यर भी जल्दी पवेलियन लौट गए। पंजाब ने शुरुआती तीन विकेट 19 रन पर गंवा दिए।


कूपर कोनोली ने 37 रन की पारी खेलकर टीम को संभालने का प्रयास किया। सूर्यांश शेड्गे ने 22 गेंद में 35 रन बनाए, जबकि शशांक सिंह ने तेज बल्लेबाजी करते हुए 22 गेंद में अर्धशतक पूरा किया और 56 रन बनाए। हालांकि लगातार बढ़ते रनरेट के दबाव में पंजाब लक्ष्य से दूर रह गई।

आरसीबी की ओर से गेंदबाजों ने महत्वपूर्ण मौकों पर विकेट हासिल किए। जोश हेजलवुड ने मार्कस स्टाइनिस को आउट कर पंजाब की उम्मीदों को बड़ा झटका दिया। अंततः पंजाब की टीम 20 ओवर में 199 रन ही बना सकी और मुकाबला 23 रन से हार गई।
इस जीत के साथ रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु IPL 2026 प्लेऑफ में पहुंचने वाली पहली टीम बन गई है। वहीं पंजाब किंग्स को लगातार छठी हार का सामना करना पड़ा, जिससे उसकी प्लेऑफ की राह मुश्किल हो गई है।
