गोरखपुर
ट्रेलर की चपेट में आने से 13 वर्षीय लड़की की मौत
गोलाबाजार (गोरखपुर)। गोला उपनगर के पश्चिमी चौराहे पर शनिवार की देर शाम करीब साढ़े सात बजे उरुवा की ओर से आ रहे एक ट्रेलर की चपेट में आने से 13 वर्षीय लड़की की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन लेकर फरार हो गया। घटना पुलिस पिकेट के समीप हुई। घायल लड़की को स्थानीय लोग सीएचसी गोला लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

जानकारी के अनुसार, गोला उपनगर निवासी विकाश की दुकान ‘राही कुटीर’ के नाम से गोला पश्चिमी चौराहे से करीब सौ कदम दूर राम जानकी मार्ग पर स्थित है। उनकी भांजी चौराहे पर कुछ सामान लेने जा रही थी। इसी दौरान पीछे से आए ट्रेलर ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। ट्रेलर शीतल कुमारी पुत्री स्व नारायण निवासी अहिरौली थाना गोला को रौंदते हुए निकल गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। शव सीएचसी गोला में रखा गया है। पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी कर रही है, लेकिन परिजन ट्रेलर को पकड़ने की मांग पर अड़े रहें।
