वाराणसी
भूमि विवाद में दो पक्षों में खूनी संघर्ष, पांच घायल
वाराणसी। मिर्जामुराद क्षेत्र के शिवरामपुर गांव में शनिवार की दोपहर विवाद को लेकर दो पक्षों में जमकर मारपीट और खूनी संघर्ष हो गया। दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडों के साथ धारदार हथियार भी चले, जिसमें महिला समेत 5 लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को एंबुलेंस से ट्रामा सेंटर भेजवाया। गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
शिवरामपुर (मिर्जामुराद) गांव निवासी नगीना यादव अपनी पत्नी उर्मिला देवी के साथ घर के बाहर आंधी में गिरे पेड़ की डालियां समेट रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान पुराने भूमि विवाद को लेकर पटीदार विनोद यादव, धर्मेंद्र यादव, महेंद्र यादव, अरविंद यादव समेत अन्य लोग वहां पहुंच गए और गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में नगीना यादव (50), उनकी पत्नी उर्मिला देवी (48) और बीच-बचाव करने पहुंचे बेटे रोशन यादव (24) वर्ष गम्भीर रूप से घायल हो गए।
बताया जाता है कि पहली घटना के बाद देर शाम को पुनःदोनों पक्ष फिर आमने-सामने आ गए। इस दौरान धारदार हथियारों से हमला होने लगा और संघर्ष खूनी रूप ले लिया। दोनों पक्ष से विनोद यादव संतोषी यादव भी घायल हो गए। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची मिर्जामुराद पुलिस ने सभी घायलों को उपचार के लिए ट्रामा सेंटर भेजवा दी। पीड़ित पक्ष ने आरोपितों के खिलाफ मिर्जामुराद थाने में लिखित तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
