गाजीपुर
दिनदहाड़े बाइक सवार से लूट, असलहा दिखाकर बदमाश फरार
सादात (गाजीपुर) जयदेश। सादात थाना क्षेत्र के मंगारी गांव के पास नहर पुलिया पर सुनसान स्थान देखकर बाइक सवार युवक से बदमाशों ने दिनदहाड़े असलहा के बल पर नकदी, मोबाइल फोन और सोने की चेन छीन ली। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आजमगढ़ जनपद के मेहनाजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत तियरा गांव निवासी आदित्य सिंह पुत्र कपिल देव सिंह शनिवार सुबह करीब 8 बजे गाजीपुर के सैदपुर थाना क्षेत्र स्थित कैथवलिया गांव में अपनी ससुराल से घर लौट रहे थे। जैसे ही वह सादात थाना क्षेत्र के मंगारी गांव से आगे बढ़े और कुवाटी ग्राम सभा स्थित नहर पुलिया के पास पहुंचे, तभी पीछे से नीले रंग की पल्सर बाइक पर सवार दो बदमाशों ने उन्हें ओवरटेक कर रोक लिया।

बदमाशों ने पिस्तौल दिखाकर आदित्य सिंह से 3000 नकद, सोने की चेन, मोबाइल फोन तथा बाइक की चाबी छीन ली और मौके से फरार हो गए। दोनों बदमाशों ने गमछे से अपना चेहरा ढक रखा था। पीड़ित के अनुसार बदमाशों की बाइक की नंबर प्लेट पर केवल “2” अंक दिखाई दे रहा था।
घटना के तुरंत बाद आदित्य सिंह ने डायल 112 पर सूचना दी। सूचना मिलते ही सादात थाना प्रभारी पन्नेलाल यादव तथा मखदुमपुर चौकी प्रभारी पुनीत कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए और जांच शुरू कर दी। कुछ देर बाद क्षेत्राधिकारी सैदपुर भी घटनास्थल पर पहुंचे और मातहतों को आवश्यक निर्देश दिए।

पुलिस ने सर्विलांस की मदद से घटनास्थल से लगभग 100 मीटर दूर झाड़ियों से मोबाइल फोन बरामद कर लिया, लेकिन नकदी, सोने की चेन और बाइक की चाबी का अब तक पता नहीं चल सका है।
क्षेत्राधिकारी सैदपुर और थानाध्यक्ष सादात ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
गौरतलब है कि मखदुमपुर बाजार से लेकर आजमगढ़ बॉर्डर से सटे खिदिरगंज बाजार तक नहर किनारे पूर्व में भी कई छिनैती की घटनाएं हो चुकी हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस कार्रवाई के बावजूद इस इलाके में आपराधिक घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं।
