गाजीपुर
थाना प्रभारियों संग एसपी ने की समीक्षा बैठक, अपराध नियंत्रण पर जोर
गाजीपुर (जयदेश)। जनपद में मंगलवार को पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा द्वारा पुलिस लाइन सभागार में सभी सर्किल के क्षेत्राधिकारीगण तथा समस्त थाना प्रभारी/थानाध्यक्षों के साथ अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक ने थाना क्षेत्रों में घटित होने वाले विभिन्न अपराधों की प्रकृति एवं अपराधियों के संबंध में विस्तार से जानकारी प्राप्त की। महिला संबंधी अपराधों, टॉप-10 अपराधियों, गुंडा, माफिया एवं अन्य श्रेणी के अपराधियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने हेतु सभी को निर्देशित किया गया।

इसके अतिरिक्त सुरक्षा एवं साक्ष्य संकलन के दृष्टिगत कैमरे स्थापित कराने और उन्हें लिंक करने, कंट्रोल रूम की स्थापना, पुलिस बीट व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने, पुलिस पेंशनरों की बैठक, जनसुनवाई प्रार्थना पत्र, आईजीआरएस तथा ऑपरेशन दृष्टि/त्रिनेत्र की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक ने बैठक के दौरान समस्त थानों पर तैनात नवनियुक्त आरक्षियों से भोजन एवं आवासीय व्यवस्थाओं के संबंध में भी जानकारी ली तथा सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश प्रदान किए।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक नगर, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, समस्त सर्किल के क्षेत्राधिकारीगण, समस्त प्रभारी निरीक्षक/थानाध्यक्ष सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
