गाजीपुर
नीरज गोंड ने जिला कारागार का किया निरीक्षण, बंदियों की सुनी समस्याएं
गाजीपुर (जयदेश)। जिला कारागार, गाजीपुर का औचक निरीक्षण एवं विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन नीरज गोंड, सचिव पूर्णकालिक, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, गाजीपुर द्वारा किया गया।

निरीक्षण के दौरान सचिव ने बंदियों से कारागार में स्थित मुलाकाती स्थल पर स्थापित लीगल एड हेल्प डेस्क से मिलने वाले लाभ, निःशुल्क अधिवक्ता, जेल अपील तथा अन्य समस्याओं के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने बंदियों को उनके संवैधानिक अधिकारों की विस्तृत जानकारी देते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। साथ ही बंदियों के सुबह के नाश्ते, दोपहर एवं सायंकाल के भोजन व्यवस्था के संबंध में भी आवश्यक निर्देश दिए गए।

सचिव ने जेल में निरुद्ध बंदियों से वार्ता कर उनकी समस्याओं को समझा तथा उनके निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। बीमार बंदियों के संबंध में कारापाल एवं चिकित्सक को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त कारापाल को जिला कारागार में संचालित जेल लीगल क्लीनिक पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए, ताकि निरुद्ध बंदियों को समयबद्ध एवं समुचित विधिक सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

कारागार परिसर में साफ-सफाई बनाए रखने तथा मच्छरों से बचाव के लिए दवा का छिड़काव कराने के निर्देश भी दिए गए। इस अवसर पर कारागार के पदाधिकारीगण, रतन श्रीवास्तव एवं दीपक राय, लीगल एड डिफेंस काउन्सिल गाजीपुर उपस्थित रहे।
