वाराणसी
अनियंत्रित टाटा सूमो नाले में गिरी, चालक समेत दो घायल
वाराणसी। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के तमाचाबाद स्थित नेशनल हाईवे-19 पर देर रात एक टाटा सूमो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने नाले में जा गिरी। हादसे में वाहन चालक समेत दो लोग घायल हो गए, जबकि अन्य सवार सुरक्षित बच गए। घायलों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
तमाचाबाद स्थित नेशनल हाईवे-19 पर सोमवार रात करीब 11 बजे कटका भदोही से बेटी की विदाई कराकर लौट रहे दिनेश मिश्रा अपने परिवार के साथ टाटा सूमो वाहन संख्या यूपी 66 बीआर 2566 से बलुआ हरहूं बड़ागांव जा रहे थे। इसी दौरान वाहन अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे नाले में उतर गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।
घटना में वाहन चालक पिंटू घायल हो गया, जबकि दिनेश मिश्रा को भी चोटें आईं। आसपास मौजूद लोगों और पुलिस की मदद से सभी सवारों को वाहन से बाहर निकाला गया। इसके बाद घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया। बताया गया कि अन्य सवारों को मामूली चोटें आई हैं।
सूचना मिलने पर मिर्जामुराद थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने क्रेन की सहायता से वाहन को नाले से निकलवाने की कार्रवाई शुरू कराई। हादसे के बाद कुछ समय तक मार्ग पर लोगों की भीड़ लगी रही, हालांकि पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित कर लिया।
