वाराणसी
वाराणसी में VVIP दौरे के मद्देनजर यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव
वाराणसी। 11 मई 2026 को राज्यपाल, मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारियों और विशिष्ट व्यक्तियों के आगमन, भ्रमण एवं प्रस्थान को लेकर यातायात पुलिस कमिश्नरेट वाराणसी ने विस्तृत ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान शहर में सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए कई प्रमुख मार्गों पर डायवर्जन लागू रहेगा।
यातायात पुलिस के अनुसार, वीवीआईपी आगमन के समय विभिन्न चौराहों और तिराहों पर वाहनों की आवाजाही नियंत्रित की जाएगी। नागरिकों से अपील की गई है कि वे वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करें और आवश्यक होने पर ही कार्यक्रम स्थल के आसपास के रास्तों पर जाएं। एडवाइजरी के तहत अमर उजाला तिराहा से वीवीआईपी आगमन से तीन घंटे पूर्व टेम्पो ट्रैवलर, आर्मेनिया बस और क्रूजर जैसे वाहनों को लहुराबीर एवं मैदागिन की ओर नहीं जाने दिया जाएगा।

इन वाहनों को लकड़ीमंडी की ओर डायवर्ट किया जाएगा।विशेश्वरगंज तिराहा से वीवीआईपी आगमन से एक घंटे पूर्व चार पहिया वाहनों को मैदागिन की ओर जाने पर रोक रहेगी और उन्हें गोलगड्डा तिराहा की तरफ भेजा जाएगा। वहीं गोदौलिया चौराहा से किसी भी वाहन को मैदागिन की ओर नहीं जाने दिया जाएगा। मरीमाई तिराहा से वाहनों को तेलियाबाग की ओर जाने की अनुमति नहीं होगी। इन्हें अंधरापुल अथवा मलदहिया चौराहा की ओर मोड़ा जाएगा।
मलदहिया चौराहा से भी वाहनों को जयसिंह और लहुराबीर चौराहा की तरफ जाने पर रोक रहेगी। इसके लिए मरीमाई तिराहा, साजन तिराहा और इंग्लिशिया लाइन तिराहा वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं। पिशाचमोचन तिराहा स्थित काशी अनाथालय के पास से वाहनों को लहुराबीर की ओर नहीं भेजा जाएगा। उन्हें जयसिंह चौराहा होते हुए मलदहिया की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
थाना चेतगंज के सामने से भी लहुराबीर जाने वाले वाहनों पर रोक रहेगी और उन्हें बेनियाबाग तिराहा की ओर भेजा जाएगा। सोनारपुरा तिराहा से चार पहिया वाहनों को गोदौलिया की ओर नहीं जाने दिया जाएगा। साथ ही जंगमबाड़ी से आने वाले दो पहिया वाहनों पर भी यही प्रतिबंध लागू रहेगा।गिलट बाजार क्षेत्र में वीवीआईपी आवागमन के दौरान किसी भी वाहन को भोजूबीर सब्जी मंडी तिराहा की ओर नहीं जाने दिया जाएगा।
वाहनों को शिवपुर चुंगी तिराहा की तरफ डायवर्ट किया जाएगा।यातायात पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे जारी ट्रैफिक एडवाइजरी का पालन करें। नियमों का उल्लंघन करने पर कार्रवाई की जाएगी। लोगों को यात्रा से पहले वैकल्पिक मार्गों की जानकारी लेने और अतिरिक्त समय लेकर निकलने की सलाह दी गई है।
किसी भी आपात स्थिति या ट्रैफिक संबंधी समस्या की सूचना ट्रैफिक कंट्रोल रूम नंबर +91 7839856994 और ट्रैफिक हेल्पलाइन नंबर +91 7317202020 पर दी जा सकती है।
