Connect with us

वाराणसी

ओवरटेकिंग के दौरान रोडवेज बस ट्रक से भिड़ी, चालक समेत दो दर्जन यात्री घायल

Published

on

Loading...
Loading...

वाराणसी। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के रूपापुर (भेड़हरा) गांव स्थित राधे कृष्णा होटल के सामने रविवार दोपहर नेशनल हाईवे पर रोडवेज बस और ट्रक में जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में बस चालक समेत करीब दो दर्जन यात्री घायल हो गए। टक्कर के बाद बस में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल भेजवाया।

जानकारी के अनुसार, रोडवेज बस संख्या यूपी-63-बीटी-3771 वाराणसी से प्रयागराज की ओर जा रही थी। दोपहर करीब 2:30 बजे भेड़हा गांव के पास चालक आगे चल रहे ट्रक संख्या यूपी-77-एटी-5321 को ओवरटेक करने लगा। इसी दौरान बस अनियंत्रित होकर ट्रक के पिछले हिस्से से जा टकराई। टक्कर इतनी तेज थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

हादसे में चौबेपुर निवासी राजेश सिंह, गोरखपुर निवासी अभिषेक मिश्रा, डॉ. सुरेंद्र मिश्रा, सविता मिश्रा, गाजीपुर के सैदपुर निवासी आदित्य मौर्या, चोलापुर निवासी आरती देवी, आजमगढ़ के जीयनपुर निवासी आकाश वर्मा, विकास, वीरेंद्र, सुमित, शिवपुर निवासी कमलेश सिंह, बबिता सिंह, कैंट निवासी मोहम्मद इमरान, मोहम्मद शकील, चंदौली के पड़ाव निवासी अभिमन्यु पटेल, संदीप सिंह, मुगलसराय निवासी अजीत यादव, सुमन देवी, मिर्जापुर के गडौली निवासी संतोषी देवी, प्रीतम समेत अन्य यात्री घायल हो गए।

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही मिर्जामुराद पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की सहायता से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। सभी घायलों को एंबुलेंस से नजदीकी अस्पताल भेजा गया। चिकित्सकों ने बस चालक की हालत गंभीर देखते हुए उसे बीएचयू ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया।

Advertisement

दुर्घटना के चलते नेशनल हाईवे पर कुछ देर तक आवागमन प्रभावित रहा। पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को किनारे हटवाकर यातायात बहाल कराया। बताया गया कि बस में सवार अधिकांश यात्री विंध्याचल धाम दर्शन के लिए जा रहे थे।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page