वाराणसी
संदिग्ध हाल में दक्षिण भारतीय व्यक्ति की मौत, जांच में जुटी पुलिस
वाराणसी। जिले के सिगरा थाना क्षेत्र के मलदहिया स्थित विनायक प्लाजा के द्वितीय तल पर शुक्रवार सुबह एक व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक के शरीर पर कई स्थानों पर ब्लेड से कटने के निशान पाए गए हैं। वहीं, मौके से बरामद एक डायरी में ‘सॉरी’ लिखा नोट मिलने के बाद पुलिस आत्महत्या की आशंका जता रही है। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह विनायक प्लाजा के द्वितीय तल पर एक व्यक्ति के मृत पड़े होने की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही सिगरा थाना प्रभारी निरीक्षक संजय मिश्रा और उपनिरीक्षक कुमार गौरव मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। कुछ देर बाद डीसीपी काशी जोन गौरव बंसवाल ने भी मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली। घटनास्थल से मिले तमिल भाषा के आईडी कार्ड के आधार पर मृतक की पहचान भरत कन्ना के रूप में हुई है।
मौके से पुलिस को एक डायरी भी मिली है, जिसमें ‘सॉरी’ लिखा नोट और कुछ मोबाइल नंबर दर्ज मिले हैं। डीसीपी काशी जोन गौरव बंसवाल ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। मृतक के परिजनों से संपर्क करने का प्रयास किया जा रहा है। फिलहाल आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को मोर्चरी भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि परिजनों के आने के बाद ही पूरे मामले की स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी। वहीं, आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
