Connect with us

वाराणसी

वाराणसी के 276 पार्कों और खेल मैदानों का होगा कायाकल्प

Published

on

Loading...
Loading...

नगर निगम ने सार्वजनिक की शहर के पार्कों की प्रारंभिक सूची

वाराणसी। शहरी क्षेत्रों में स्थित पार्कों, खेल मैदानों और खुली जगहों के संरक्षण के लिए नगर निगम ने बड़ी पहल की है। शासन के निर्देश पर नगर निगम ने शहर के सभी 276 पार्कों और खेल मैदानों की प्रारंभिक सूची तैयार कर उसे सार्वजनिक कर दिया है। इसका उद्देश्य सार्वजनिक स्थलों का संरक्षण, सूचीकरण और विधिसम्मत प्रबंधन सुनिश्चित करना है।

नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने बताया कि सूची में नगर निगम के अलावा वीडीए, आवास विकास, जिला उद्यान अधिकारी/हॉर्टिकल्चर विभाग और स्मार्ट सिटी के पार्क भी शामिल किए गए हैं। उन्होंने कहा कि जिन पार्कों का अब तक औपचारिक रूप से नगर निगम को हस्तांतरण नहीं हुआ है, उनका प्रशासनिक नियंत्रण और स्वामित्व फिलहाल संबंधित मूल विभागों के पास ही रहेगा।

उन्होंने बताया कि उद्यान विभाग की ओर से जारी सूची के प्रकाशन की तिथि से 90 दिनों के भीतर कोई भी नागरिक या संस्था अपनी आपत्ति या सुझाव दर्ज करा सकती है। इसके लिए जलकल कार्यालय के कक्ष संख्या 17 स्थित निगम उद्यान विभाग में संपर्क किया जा सकता है। प्राप्त आपत्तियों पर मंडलायुक्त, विहित प्राधिकारी, द्वारा सुनवाई की जाएगी, जिसके बाद सूची को अंतिम रूप दिया जाएगा।

नगर आयुक्त ने बताया कि यह पूरी प्रक्रिया उत्तर प्रदेश पार्क, खेल का मैदान और खुली जगह (संरक्षण एवं विनियमन) अधिनियम, 1975 के तहत की जा रही है। इससे शहर की कीमती जमीनों पर होने वाले अवैध कब्जों को रोकने और पर्यावरण संरक्षण में मदद मिलेगी। विभागीय अधिकारियों के अनुसार, सूची के प्रकाशन से पार्कों की वर्तमान स्थिति और उनके क्षेत्रफल का सटीक डाटाबेस तैयार किया जा सकेगा।

Advertisement

भेलूपुर (अस्सी) क्षेत्र स्थित 1680 वर्ग मीटर में फैले तुलसी वाटिका उद्यान, डुमरांव कॉलोनी, सहित प्रमुख पार्कों का जल्द सुंदरीकरण और सुदृढ़ीकरण कराया जाएगा।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page