वाराणसी
चेतगंज में अतिक्रमण पर चला सख्त डंडा, सड़क पर उतरे इंस्पेक्टर विजय शुक्ला
जाम और अव्यवस्था पर जीरो टॉलरेंस
वाराणसी। एसीपी चेतगंज शुभम सिंह के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक विजय कुमार शुक्ला ने अपने थाना क्षेत्र में अतिक्रमण के खिलाफ सख्त अभियान चलाया। खुद सड़क पर उतरकर उन्होंने अतिक्रमणकारियों को चेतावनी दी कि दोबारा सड़क घेरने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
अभियान के दौरान लहुराबीर, मलदहिया और चेतगंज चौराहा जैसे व्यस्त इलाकों में बाइक और ई-रिक्शा/टोटो की सघन चेकिंग की गई। गलत पार्किंग और जाम का कारण बनने वाले वाहनों का चालान किया गया। इंस्पेक्टर ने साफ कहा कि सड़क पर जाम किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
चार्ज संभालने के बाद से ही विजय कुमार शुक्ला लगातार ट्रैफिक व्यवस्था और अतिक्रमण की समस्या को लेकर सक्रिय नजर आ रहे हैं। थाना क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को लेकर वे अलर्ट मोड में रहते हैं और समय-समय पर चौकी इंचार्जों के साथ बैठक कर जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश देते हैं। उनके कार्यशैली से वरिष्ठ अधिकारी भी संतुष्ट बताए जाते हैं, हालांकि क्षेत्र में यह चर्चा भी है कि वे गिरफ्तारी के मामलों में अपेक्षाकृत कम रुचि लेते हैं।
इंस्पेक्टर विजय कुमार शुक्ला का कहना है कि चेतगंज में न तो अतिक्रमण बर्दाश्त किया जाएगा और न ही जाम लगने दिया जाएगा। जनता को सुरक्षित और सुचारु यातायात उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है।
