वाराणसी
निवेश के झांसे में आकर महिला अधिकारी ने गंवाए 13 लाख
वाराणसी। साइबर ठगों ने नेवी की महिला कमांडर को ऑनलाइन शेयर ट्रेडिंग का झांसा देकर 13 लाख रुपये की ठगी का शिकार बना लिया। इस संबंध में शिवपुर थाना में मुकदमा दर्ज किया गया है। शारदा विहार कॉलोनी, मीरापुर बसही निवासी नेवी कमांडर स्वाति सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके मोबाइल पर एक संदेश आया, जिसमें ऑनलाइन शेयर ट्रेडिंग के जरिए अधिक लाभ कमाने की जानकारी दी गई थी। संदेश पर विश्वास करते हुए वह अमांसा इन्वेस्टमेंट लिमिटेड नामक कंपनी से ऑनलाइन जुड़ गईं।
खुद को कंपनी का सलाहकार बताने वाले व्यक्तियों के कहने पर स्वाति सिंह ने निवेश के लिए उनके द्वारा बताए गए बैंक खातों में कई किस्तों में कुल 13 लाख रुपये भेज दिए। जब उन्हें कोई लाभ प्राप्त नहीं हुआ और उन्होंने अपनी धनराशि वापस लेने का प्रयास किया, तो उन्हें संबंधित व्हाट्सएप और अन्य समूहों से हटा दिया गया, जिनके माध्यम से उन्हें निवेश के लिए प्रेरित किया गया था। ठगी का अहसास होने पर उन्होंने साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराने के बाद पुलिस को मामले की जानकारी दी।
